शिक्षक के साथ लूटपाट करने वाले तीन बाल आपचारी समेत चार गिरफ्तार

कानपुर, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जनपद की कमिश्नरेट थाना काकादेव की पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने शिक्षक के साथ मारपीट और लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन नाबालिग समेत चार लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
घटना का खुलासा करते हुए गुरुवार को एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह ने बताया कि मूल रूप से लखनऊ के निगोहा ग्राम निवासी राजकुमार भारती एक स्कूल में शिक्षक हैं। वर्तमान में वह फर्रुखाबाद के बबना स्थित महिला शास्त्री स्कूल में तैनात है़। बीते सोमवार को वह छुट्टी समाप्त कर स्कूल जाने के लिए लखनऊ से झकरकटी स्थित बस स्टॉप पहुंचे। वहां से फर्रुखाबाद जाने के लिए वह रावतपुर पहुंचे। इसी बीच उनके पास आकर एक कार रुकी। जिसमें पहले से ही चार लड़के सवार थे। उन्होंने पूछा कि आप कहां जा रहे हैं? जिस पर पीड़ित ने जवाब दिया कि मैं फर्रुखाबाद जा रहा हूं। शातिरों ने कहा कि हम वहीं जा रहे हैं। आपको भी छोड़ देंगे।
पीड़ित ने बताया कि दादा नगर पहुंचते ही आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं उनकी जेब में रखें दो हजार रुपये, डेबिट क्रेडिट कार्ड और मोबाइल भी छीन लिया। विरोध करने पर उन्हें लोहे के हथियार से उनके सिर पर मारकर लहूलुहान कर दिया और दो घंटे शहर में घुमाने के बाद सुनसान जगह पर फेंककर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत लगवाये गए सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए विजयनगर टीन शेड कॉलोनी निवासी विवेक और तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही शिक्षक से लूटा हुआ मोबाइल और क्रेडिट कार्ड डेबिट कार्ड भी बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। आरोपित इससे पहले भी फजलगंज थाने से जेल जा चुका है।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप



