Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

मप्र के मैहर में कंटेनर में पीछे से घुसी श्रद्धालुओं की गाड़ी, चार की मौत व 12 घायल

कंटेनर में टकराया श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्स क्रूजर वाहन

मैहर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मैहर जिले में देहात (नादन) थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर ग्राम तिलोरा के पास सोमवार की रात श्रद्धालुओं की जीप सामने जा रहे कंटेनर से टकरा गया। इस हादसे में जीप सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जीप में करीब 20 लोग सवार थे और सभी कटनी के एनकेजे पकरिया से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में 4 जनवरी से शुरू हो रहे माघ मेले में शामिल होने के लिए जा रहे थे। सभी को संगम में स्नान करना था। इसी दौरान ग्राम तिलोरा के पास हाईवे पर उनकी जीप गाड़ी आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से घुस गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं, एक की रास्ते में मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल अस्पताल में गंभीर रूप से घायल 12 लोगों का उपचार जारी है। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसे में धोंगा पटेल (50) और ट्रैक्स जीप चालक जितेंद्र प्यासी (24) की मौके पर मौत हो गई। एक महिला को कटनी रेफर किया गया था, जिसने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। सिविल अस्पताल ड्यूटी डॉक्टर जितेंद्र तिवारी ने बताया कि 12 लोग घायल हैं, जिनका इलाज मैहर सिविल अस्पताल और जिला अस्पताल में चल रहा है। घायलों में जगदीश पटेल, रामसहाय पटेल, राम प्रताप पटेल, मैंगो भाई पटेल, श्याम सुंदर पटेल, ओम पटेल, कृष्णा पटेल, सत्य प्रकाश पटेल, सत्यभान पटेल, संतलाल पटेल, सत्यम पटेल और रामप्रता पटेल शामिल हैं।

देहात थाना प्रभारी रेनू मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। कार सवार कंटेनर में पीछे से घुसे हैं। इस घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *