जयपुर-बूंदी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, महिला समेत चार की मौत, चार गंभीर घायल
जयपुर, 20 अगस्त (Kiran News)। बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र में बुधवार अलसुबह नेशनल हाईवे नंबर 27 पर एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

डाबी थाना अधिकारी हेमराज शर्मा के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। ब्यावरा (मध्य प्रदेश) से एक ठेकेदार सभी लोगों को राजसमंद नाथद्वारा फैक्ट्री और मंदिर में काम के लिए कार से ले जा रहा था। इसी दौरान डाबी क्षेत्र में कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से डाबी अस्पताल भिजवाया, जहां से सभी कोटा के मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल रैफर कर दिया गया। इलाज के दौरान चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में संतोष वर्मा (27) व उनकी पत्नी संगीता (26), अनिल सहरिया (34) (गोवर्धनपुरा नारगढ़, बारां) और देवराज (36) (सिंगापुरा राजगढ़, मध्य प्रदेश) शामिल हैं। घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई परिजनों के आने के बाद की जाएगी।



