Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WORLD

नेपाली कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए गगन थापा ने की, उम्मीदवारी की घोषणा

गगन थापा

काठमांडू, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नेपाली कांग्रेस के महामंत्री गगन थापा ने पार्टी के आगामी 15वें महाधिवेशन में पार्टी अध्यक्ष पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है और पार्टी नेतृत्व को महाधिवेशन के आयोजन में विलंब किये जाने को लेकर चेतावनी देते हुए कहा है कि वह इसके लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हैं।

थापा ने मंगलवार को यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में कहा कि वह पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे और नेतृत्व की दौड़ में जीत को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने महाधिवेशन समय पर कराये जाने पर जोर दिया और यह भी स्पष्ट किया कि महाधिवेशन पूरा किए बिना पार्टी चुनाव में नहीं जाएगी।

थापा ने कहा, “मैं अब 15वें महाधिवेशन में पार्टी अध्यक्ष पद का उम्मीदवार हूं। मैं पार्टी अध्यक्ष बनूंगा और बनना चाहता हूं।” उन्होंने कहा कि महाधिवेशन केवल नेतृत्व परिवर्तन का विषय नहीं है, बल्कि पार्टी के नवीनीकरण से जुड़ा हुआ है।

नेपाली कांग्रेस के महामंत्री ने कहा कि वह बार-बार पार्टी अध्यक्ष शेरबहादुर देउबा से कह चुके हैं कि महाधिवेशन समय पर होना चाहिए और इस मुद्दे पर उनका रुख पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने कहा, “महाधिवेशन समय पर पूरा हो सकता था, लेकिन कहीं न कहीं देरी का आभास हो रहा है। हम पार्टी नेतृत्व को इस बारे में स्पष्ट रूप से बता रहे हैं और इसके लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हैं।”

थापा ने जोर देकर कहा कि नेपाली कांग्रेस को नियमित या विशेष महाधिवेशन में से कोई एक अवश्य करना होगा और बिना महाधिवेशन के पार्टी चुनाव में नहीं जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “महाधिवेशन के बिना नेपाली कांग्रेस चुनाव में नहीं जाएगी। उसे नहीं जाना चाहिए, नहीं जा सकती और नहीं जाएगी। यह पूरी तरह स्पष्ट है।”

थापा ने 5 मार्च 2026 को चुनाव कराना अनिवार्य बताते हुए कहा कि संविधान को “पटरी पर लाने” के लिए यह जरूरी है। उन्होंने कहा कि नेपाली कांग्रेस अपना महाधिवेशन पूरा कर उसी तिथि पर होने वाले चुनाव में भाग लेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / पंकज दास

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *