Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

गैरी स्टीड ने न्यूज़ीलैंड क्रिकेट में संभाली हाई परफॉर्मेंस कोचिंग की जिम्मेदारी

न्यूज़ीलैंड के पूर्व मुख्य कोच गैरी स्टीड

वेलिंगटन, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) ।

न्यूज़ीलैंड के पूर्व मुख्य कोच गैरी स्टीड ने न्यूज़ीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) में हाई परफॉर्मेंस कोचिंग की नई भूमिका स्वीकार कर ली है। इस पद पर उनका काम सहायक खिलाड़ियों और कोचों को विकसित करना तथा हाई परफॉर्मेंस कार्यक्रमों को आगे बढ़ाना होगा।

स्टीड ने इस साल की शुरुआत में न्यूज़ीलैंड के मुख्य कोच के रूप में आठ वर्षों का कार्यकाल पूरा किया था। उनके नेतृत्व में टीम ने 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीती, 2021 में टी20 विश्व कप और 2019 में वनडे विश्व कप के फाइनल तक पहुँची। इसके अलावा 2025 में टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल भी खेला। उनकी कोचिंग में पिछले साल भारत के खिलाफ ऐतिहासिक व्हाइटवॉश जीत भी दर्ज की गई थी।

गैरी स्टीड का न्यूज़ीलैंड क्रिकेट से जुड़ाव लगभग 34 वर्षों का रहा है। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने देश के लिए पाँच टेस्ट खेले और 100 से अधिक प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए मैचों में हिस्सा लिया। खेल से संन्यास के बाद उन्होंने कोचिंग की ओर रुख किया।

स्टीड 2004-09 तक कोच डेवलपमेंट मैनेजर रहे। 2005-06 में एनजेडसी अकादमी में असिस्टेंट कोच बने। 2009 से 2012 तक न्यूज़ीलैंड महिला टीम के मुख्य कोच रहे।इसके बाद छह साल तक कैंटरबरी के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट रहे। 2018 में उन्हें न्यूज़ीलैंड पुरुष टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया।

स्टीड ने कहा कि उनका जुनून अभी भी कोचिंग को लेकर बरकरार है और वे अपने अनुभव से व्यापक क्रिकेट नेटवर्क को लाभान्वित करना चाहते हैं।

उन्होंने एक बयान में कहा, न्यूज़ीलैंड क्रिकेट मेरे दिल के बहुत करीब है और खेल से जुड़े रहना मेरे लिए बेहद खास है। अगर मैं अपनी स्किल्स और अनुभव खिलाड़ियों व कोचों तक पहुँचा पाऊं और ब्लैककैप्स व वाइट फर्न्स को विश्व स्तर पर जीत में मदद कर पाऊं, तो यह मेरे लिए बड़ी संतुष्टि की बात होगी।,

गौरतलब है कि हाल ही में उन्हें भारतीय घरेलू टीम आंध्र का 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीज़न के लिए मुख्य कोच भी नियुक्त किया गया है। उन्होंने एनजेडसी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें संगठन से बाहर काम करने और अपने अनुभव को और व्यापक बनाने का मौका मिल रहा है, जिससे वे नई सीख को फिर से न्यूज़ीलैंड क्रिकेट में वापस ला सकें।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *