Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
JAMMU & KASHMIR

सोहंजना में गौ गोपाल महायज्ञ बना आस्था, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम का महासंगम, पांचवें दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, यज्ञस्थल मिनी कुंभ मेले में तब्दील

सोहंजना में गौ गोपाल महायज्ञ बना आस्था, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम का महासंगम पांचवें दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, यज्ञस्थल मिनी कुंभ मेले में तब्दील

जम्मू, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सोहंजना में आयोजित गौ गोपाल महायज्ञ अपने पांचवें दिन भी श्रद्धा, संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत संगम बनकर उभरा। सोमवार को भी, बीते दिन की तरह, लाखों श्रद्धालुओं ने यज्ञस्थल पर पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। चारों ओर भक्तिभाव, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। वैदिक आचार्यों के मार्गदर्शन में लगभग 500 यजमानों ने मंत्रोच्चारण के साथ 108 यज्ञकुंडों में हजारों आहुतियां अर्पित कीं। वहीं दूसरी ओर, लाखों श्रद्धालु यज्ञ क्षेत्र की परिक्रमा करते हुए आध्यात्मिक आनंद में लीन नजर आए।

यज्ञ, ज्ञान, भंडारा, भजन-कीर्तन, देशभक्ति और सांस्कृतिक मेले के समन्वय ने इस आयोजन को सनातन परंपरा के एक मिनी कुंभ मेले का स्वरूप दे दिया है। श्रद्धालु जहां एक ओर आध्यात्मिक प्रवचनों से ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मेले में लगी दुकानों से अपनी पसंदीदा वस्तुएं खरीदते और प्रसाद ग्रहण करते दिखाई दे रहे हैं।

ज्ञान यज्ञ के व्यास मंच से यज्ञ आयोजक शास्त्री महाराज जी के सुपुत्र, पूज्य गंगाधर जी, प्रो. मुरली मनोहर पाठक (कुलपति, श्री लाल बहादुर शास्त्री संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली), प्रो. ओम नाथ विमल जी, प्रो. विजय शंकर द्विवेदी (दिल्ली विश्वविद्यालय), डॉ. अभिषेक कुमार उपाध्याय, महात्मा जसवीर सिंह (उदासीन संप्रदाय), पूज्य त्यागी महात्मा श्री कल्याणदास जी, श्री शुकराला माता के मुख्य पुजारी श्री महेश दास जी, महंत नंदकिशोर जी, सिख गुरुद्वारे से भाई दलजीत सिंह, श्री मृदुल शास्त्री जी एवं पल्लि गांव से श्री सुरेश शास्त्री जी ने ईश्वर भक्ति और जीवन मूल्यों पर सारगर्भित प्रवचन दिए।

भजन गायक स्वामी बुआ दित्ता, जम्मू की लोकप्रिय गायिका पारुल कश्यप, लोक गायक रणदीप सिंह भाऊ और राधा रमन संकीर्तन मंडली के गायक रजत शर्मा ने अपने सुमधुर भजनों से हजारों श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, गनिक्षा ट्यूशन सेंटर, मझुआ के विद्यार्थियों ने “ऑपरेशन सिंदूर” विषय पर देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इस अवसर पर वृंदावन से श्री जनक महात्मा जी, जम्मू से महात्मा तिलक जी तथा श्री श्री 1008 विमल मुनि जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *