Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

गेविन लार्सन दोबारा बने न्यूजीलैंड के चयन प्रबंधक

न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज गेविन लार्सन

वेलिंगटन, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज गेविन लार्सन एक बार फिर टीम के चयन प्रबंधक के रूप में लौट आए हैं। उन्होंने सैम वेल्स की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है। लार्सन इससे पहले 2015 से 2023 तक इसी भूमिका में रह चुके हैं, जिसके बाद उन्होंने इंग्लैंड के क्लब वॉरविकशायर में परफॉर्मेंस डायरेक्टर के रूप में काम किया था।

61 वर्षीय लार्सन हाल ही में बास्केटबॉल टीम नेल्सन जायंट्स से जुड़े हुए थे। अब वे न्यूजीलैंड टीम के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर के साथ मिलकर न्यूजीलैंड, न्यूजीलैंड ए और न्यूजीलैंड XI के सभी दौरों के लिए टीम चयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

अपनी नियुक्ति पर लार्सन ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “ब्लैककैप्स और राष्ट्रीय हाई परफॉर्मेंस माहौल में दोबारा वापसी करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं न्यूजीलैंड क्रिकेट को लेकर बेहद जुनूनी हूं और एक बार फिर सर्वोच्च स्तर पर योगदान देने का मौका मिलना बेहद रोमांचक है। मैं इस गर्मी से काम शुरू करने को लेकर उत्साहित हूं और टीम की सफलता में अपना योगदान देना चाहता हूं।”

न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के मुख्य हाई परफॉर्मेंस अधिकारी डैरिल गिब्सन ने कहा कि लार्सन का अनुभव और आधुनिक खेल की समझ उन्हें इस पद के लिए उपयुक्त बनाती है।

उन्होंने कहा, “गेविन की इस भूमिका को लेकर परिचितता और जिम्मेदारियों की गहरी समझ ने उनके चयन में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा, उनके जुनून, ऊर्जा और दोबारा योगदान देने की इच्छा ने हमें प्रभावित किया।”

गौरतलब है कि चयन मॉडल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। टीम चयन पर अंतिम निर्णय मुख्य कोच रॉब वॉल्टर का ही रहेगा, जबकि लार्सन उनके साथ मिलकर काम करेंगे। लार्सन 3 नवंबर से आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार संभालेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *