Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
JAMMU & KASHMIR

सरकार ने अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग में नियुक्त 103 दमकलकर्मियों की सेवाएं की समाप्त

सरकार ने अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग में नियुक्त 103 दमकलकर्मियों की सेवाएं की समाप्त

श्रीनगर, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जम्मू और कश्मीर सरकार ने अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (एफ एंड ईएस) विभाग में नियुक्त 103 दमकलकर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। यह कार्रवाई एक जांच और भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) की छानबीन के बाद की गई है जिसमें 2020 में आयोजित भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और हेराफेरी पाई गई थी।

सरकारी आदेश संख्या 608-गृह, 2025 दिनांक 15 दिसंबर के अनुसार यह कार्रवाई 2022 में गठित एक जांच समिति की रिपोर्ट के निष्कर्षों के बाद की गई है जिसने कागजों के रिसाव, ओएमआर शीट में छेड़छाड़, योग्यता सूची में हेराफेरी और चयन प्रक्रिया में अन्य अनियमितताओं के आरोपों की जांच की थी।

आदेश के अनुसार जांच में आपराधिक जांच की सिफारिश की गई जिसके बाद एसीबी ने एफआईआर संख्या 01/2025 दर्ज कर विस्तृत जांच की। जांच में 106 उम्मीदवारों के पक्ष में उत्तर पुस्तिकाओं में व्यापक हेराफेरी, स्कैन की गई छवियों की जालसाजी, डिजिटल छेड़छाड़ और योग्यता सूचियों में अवैध परिवर्तन का खुलासा हुआ। यह स्थापित किया गया कि इन उम्मीदवारों को उनके वास्तविक प्रदर्शन से कहीं अधिक अंक दिए गए थे और कई लाभार्थियों ने अवैध रिश्वत देने की बात भी स्वीकार की। अधिकारियों ने बताया कि धोखाधड़ी से नियुक्तियां प्राप्त करने वाले 106 उम्मीदवारों में से तीन की सेवाएं अनिवार्य औपचारिकताओं को पूरा न करने के कारण पहले ही रद्द कर दी गई थीं। शेष 103 नियुक्तियों को अब तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है और सरकार ने उनकी नियुक्तियों को अवैध और प्रारंभ से ही अमान्य घोषित कर दिया है।

आदेश में कहा गया है कि चूंकि नियुक्तियां धोखाधड़ी और आपराधिक तरीकों से प्राप्त की गई थीं इसलिए बर्खास्त किए गए व्यक्तियों को संविधान के अनुच्छेद 311 के तहत संरक्षण प्राप्त नहीं है। इसमें सर्वाेच्च न्यायालय और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के उन निर्णयों का भी हवाला दिया गया है जिनमें कहा गया है कि धोखाधड़ी से प्राप्त नियुक्तियों पर विभागीय जांच या प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत लागू नहीं होते हैं। सरकार ने कहा कि इस प्रकार के अवैध रूप से नियुक्त उम्मीदवारों का बने रहना अवैधता को बढ़ावा देने और भर्ती प्रक्रियाओं में जनता के विश्वास को कमज़ोर करने के समान होगा। परिणामस्वरूप अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के कर्मचारियों में इन 103 व्यक्तियों का नाम तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया जाएगा

(Udaipur Kiran) / बलवान सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *