Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

पीएम माेदी की जगह राज्यपाल ने किया नेशनल हाईवे की परियोजना का उद्घाटन

पीएम मोदी के साथ राज्यपाल बोस

कोलकाता, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस ने शनिवार को राज्य में 3200 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में आर्थिक गतिविधियों को गति देना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम नदिया जिले के ताहेरपुर स्थित नेताजी पार्क में आयोजित हुआ।

राज्यपाल ने नदिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 34 के बराजागुली से कृष्णनगर तक 66.7 किलोमीटर लंबे फोर लेन हिस्से का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उत्तर 24 परगना जिले में बारासात से बराजागुली तक राष्ट्रीय राजमार्ग के फोर लेन विस्तार की आधारशिला भी रखी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करना था, लेकिन घने कोहरे और खराब दृश्यता के कारण उनका हेलीकॉप्टर ताहेरपुर में नहीं उतर सका। इससे प्रधानमंत्री को कोलकाता हवाई अड्डे लौटना पड़ा। बाद में उन्होंने कोलकाता से ही ऑडियो कॉल के जरिए सभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति में राज्यपाल ने परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

बाद में ऑडियो कॉल के जरिए सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछड़ेपन से जूझ रहे पश्चिम बंगाल के दूरदराज इलाकों तक आधुनिक कनेक्टिविटी पहुंचाना सरकार का निरंतर प्रयास रहा है। उन्होंने खराब मौसम के कारण मंच पर व्यक्तिगत रूप से मौजूद न रह पाने के लिए लोगों से क्षमा भी मांगी। ये परियोजनाएं कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच एक अहम संपर्क मार्ग बनेंगी। इससे यात्रा समय में करीब दो घंटे की कमी आएगी और वाहनों की आवाजाही अधिक तेज और सुगम होगी। साथ ही राज्य की राजधानी का अन्य जिलों और पड़ोसी देशों से संपर्क और मजबूत होगा। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और पूरे इलाके में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।——————-

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *