Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल में वार्षिक खेलकूद ‘द मैवरिक्स’ का भव्य शुभारंभ

न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल में वार्षिक खेलकूद ‘द मैवरिक्स’ का भव्य शुभारंभ
न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल में वार्षिक खेलकूद ‘द मैवरिक्स’ का भव्य शुभारंभ

जूनियर वर्ग के नन्हे खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास

कोरबा, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, कोरबा में शुक्रवार को दो चरणों में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘द मैवरिक्स 2025-26’ का भव्य शुभारंभ हुआ। खेलकूद महोत्सव का प्रथम चरण जूनियर वर्ग (प्ले ग्रुप से कक्षा V) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह एवं उल्लास के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा तामेश्वर उपाध्याय रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट ने सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट परिचय देते हुए विद्यालय की सुदृढ़ परंपरा को दर्शाया।

मुख्य अतिथि तामरेश्वर उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक स्तर पर खेलकूद बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

विद्यालय के चेयरमेन किशोर कुमार साहू ने कहा कि खेल गतिविधियाँ बच्चों के चहुँमुखी विकास का आधार हैं और विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ खेलों के माध्यम से बच्चों को जीवन के लिए तैयार करना है।

विद्यालय के डायरेक्टर दिलीप कुमार साहू ने खेलों को अनुशासन, धैर्य एवं टीम वर्क सिखाने का प्रभावी माध्यम बताया। वहीं, प्राचार्य डी.एस. राव ने जानकारी दी कि वार्षिक खेलकूद का आयोजन दो चरणों में किया जा रहा है, जिससे सभी आयु वर्ग के विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सके।

उप-प्राचार्या कीर्ति हेरिट ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। प्रधान पाठक जगजीत सिंह भट्टी सहित समस्त शिक्षकगण ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

जूनियर वर्ग के लिए सरल दौड़, फन रेस, संतुलन खेल, बॉल गेम्स सहित अन्य बालोपयोगी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर तालियों, मुस्कान और आनंद से गूंज उठा।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का द्वितीय चरण (सीनियर वर्ग) 20 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल द्वारा आयोजित यह खेल महोत्सव बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *