Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

पर्यटन नगरी खजुराहो में सात दिवसीय 11वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का भव्य शुभारंभ

खजुराहो फिल्म महोत्सव
खजुराहो फिल्म महोत्सव
खजुराहो फिल्म महोत्सव
खजुराहो फिल्म महोत्सव

अनुपम खेर बोले-‘हमें हीरो बनाने वाली जनता असली हीरो’

भोपाल, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश की विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो में मंगलवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय खजुराहो फिल्म महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। समारोह का शुभारंभ शाम साढ़े छह बजे फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने किया। सात दिवसीय फिल्म फेस्टीवल 22 दिसंबर तक चलेगा। फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने इस मौके पर कहा कि हम सभी कलाकार जनता से मिली लोकप्रियता के कारण प्रसिद्ध हो पाते हैं, इसलिए हमें हीरो बनाने वाली जनता असली हीरो होती है।

महोत्सव के उद्घाटन सत्र में अभिनेत्री दीपशिखा और 10 जूरी सदस्य शामिल हुए। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी मौजूद रहे। अभिनेता अनुपम खेर शिल्पग्राम भी गए, जहां उन्होंने अपनी अपकमिंग मूवी ‘तन्वी द ग्रेट’ के बारे में जानकारी दी। अनुपम खेर ने कहा कि खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आने वाले समय में और ऊंचाइयों को प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि उनकी फिल्म तन्वी द ग्रेट को मध्य प्रदेश सरकार ने टैक्स फ्री किया है। उनकी फिल्म को कई पुरस्कार मिले हैं। इस फेस्टीवल में उनकी फिल्म का प्रदर्शन होगा।

अनुपम खेर ने अपना 45 साल पुराना उधार चुकाया

अनुपम खेर ने खजुराहो फिल्म महोत्सव के आयोजक राजा बुंदेला की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि 45 साल पहले उन्होंने राजा बुंदेला से 80 रुपये उधार लिए थे। इसके बाद उन्होंने जेब से रुपये निकाले। पहले सौ का नोट निकला, तो अनुपम ने उसे वापस जेब में रख लिया। फिर जेब से 500 रुपये निकालकर राजा बुंदेला को देते हुए कहा कि आज उन्होंने वह उधारी चुका दी। राजा ये देखकर भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू निकल आए।

अनुपम खेर ने कहा कि ये मेरा लंगोटिया यार है, हम लोगों ने बचपन बिताया है। आने वाले 500 साल में इनकी एक मूर्ति बनेगी और लोग कहेंगे कि हमारे यहां एक राजा बुंदेला थे, जिन्होंने खजुराहो के लिए बहुत कुछ किया है। मैं और मेरी कंपनी खजुराहो फिल्म महोत्सव को आगे बढ़ाने में आपका साथ देगी। मैंने अपने दोस्त से बहुत उधार लिया है। मेरे पास उस समय पैसे नहीं हुआ करते थे। मैंने अपने दोस्त से 80 रुपये उधार लिए थे। आज मैं उसे 500 रुपये वापस कर रहा हूं।

इसके बाद राजा बुंदेला ने अनुपम खेर को खजुराहो फिल्म फेस्टिवल का ब्रांड एंबेसडर बनाने की इच्छा जताई। इस पर अनुपम खेर हंसते हुए मंच से नीचे उतरते हुए बोले कि मैंने कहा कि मैं आपका साथ दूंगा, न कि ब्रांड एंबेसडर बनूंगा।

खजुराहो के दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र परिसर में आयोजित खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के संयोजक फिल्म अभिनेता तथा प्रयास प्रोडक्शन के प्रमुख राजा बुंदेला ने समारोह के आयोजन संबंधी रूपरेखा पेश की। समारोह में खजुराहो नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू अवस्थी, डीआईजी छतरपुर रेंज खत्री, सीएमओ खजुराहो बसंत चतुर्वेदी, दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की डायरेक्टर आस्था, सहित अन्य अतिथि शामिल हुए। मंच पर अतिथियों को आयोजन के प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।

समारोह में मिट्टी, लकड़ी तथा लोहे से बने प्राचीन वाद्य यंत्रों से लोक संगीत की प्रस्तुति दी गई, हरदा जिले का प्रसिद्ध काठी अनुष्ठान लोक संस्कृति की प्रस्तुति हुई। इसके बाद मुंबई के कलाकारों की फिल्मी गीतों और धुनों पर शानदार प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम स्थल पर क्रॉफ्ट बाजार भी लगाया गया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *