ग्रीन मैन विजयपाल बघेल ने किया नहर पटरी पर खड़े पेड़ों को काटने का विरोध

हरिद्वार, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया के चेयरमैन ग्रीन मैन विजयपाल बघेल ने अमरापुर घाट से जटवाड़ा पुल तक गंगनहर पटरी के दोनों किनारों पर खड़े वृक्षों के कटान का विरोध करते हुए चिपको आंदोलन और कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी है।
मुख्य सचिव को प्रेषित पत्र में विजयपाल बघेल ने कहा कि नहर पटरी के दोनों किनारों की भूमि संरक्षित वन भूमि की श्रेणी में अधिसूचित है। जिस पर खड़े पेड़ों को काटना या वन भूमि पर कोई गैर वानिकी कार्य करना वन अपराध की श्रेणी में आता है।
बघेल ने बताया कि संरक्षित वन भूमि पर किसी भी तरह का गैर वानिकी हस्तक्षेप पूर्णतः निषेध है। बघेल ने मुख्य सचिव से नहर पटरी के दोनों किनारों पर वृक्षों को बचाने एवं जारी निर्माण कार्ययोजना की उच्च स्तरीय जांच कराकर निरस्त करने और सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्यवाही करने की मांग भी की है।
(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला



