Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
GUJARAT

नवरात्रि आयोजकों पर जीएसटी विभाग का छापा, सूरत और अहमदाबाद में हड़कंप

फाइल तस्वीर

सूरत, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । गुजरात के दो बड़े शहर सूरत और अहमदाबाद में चल रही भव्य ‘सुवर्ण नवरात्रि’ के आयोजकों पर गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जी एस टी) विभाग ने बड़े पैमाने पर छापेमारी की है। खासकर गरबा के पास और टिकटों की बेतहाशा बिक्री को लेकर विभाग ने यह कार्रवाई की है। इस कदम से गरबा आयोजन क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, 10 से अधिक अधिकारियों की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। ये कार्रवाई उन बड़े गरबा स्थलों पर हुई जहां गुजरात के मशहूर कलाकारों के कार्यक्रम हो रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक, सूरत में आदित्य गढ़वी (रंग मोरलो) और उमेश बारोट (सुवर्ण नवरात्रि-सूरत) अहमदाबाद में जीगरदान गढ़वी (स्वर्णिम नगरी गरबा) और पूर्वा मंत्री (सुवर्ण नवरात्रि-अहमदाबाद) के आयोजनों में रेड की गई।

जीएसटी अधिकारियों ने आयोजकों के पास-टिकट बिक्री और अन्य वित्तीय लेनदेन की गहराई से जांच शुरू की है। आशंका है कि इन बड़े आयोजकों ने पास और टिकट की बिक्री से हुई कमाई पर पूरा टैक्स जमा नहीं किया या फिर टैक्स चोरी की गई है।

नवरात्रि के बड़े आयोजनों में करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। खासकर सीजन पास और एंट्री पास से होने वाली आय सीधा GST दायरे में आती है। ऐसे में विभाग की यह कार्रवाई नवरात्रि आयोजकों के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।

इस छापेमारी से छोटे और बड़े अन्य आयोजकों में भी डर का माहौल है। GST विभाग की कार्रवाई से साफ संकेत मिलता है कि त्योहारों के दौरान होने वाले बड़े वित्तीय लेनदेन पर सरकार की कड़ी नजर है। जांच पूरी होने के बाद बड़ी टैक्स चोरी का खुलासा हो सकता है।

(Udaipur Kiran) / यजुवेंद्र दुबे

—————

(Udaipur Kiran) / Abhishek Barad

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *