गुरुग्राम: भांजे ने अपनी महिला साथी के साथ मामा के घर से चुराए गहने व नकदी

-पुलिस ने चोरी के दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
गुरुग्राम, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । एक भांजे ने अपनी महिला साथी के साथ अपने मामा के घर में ही सेंधमारी करके वहां से गहने व नकदी चुरा ली। उन्होंने दो लाख 53 हजार रुपये नकद चुराए। साथ ही लाखों के गहने भी चुरा लिए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बुधवार को काबू कर लिया।
जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परचून की दुकान चलाता है। 18 नवंबर 2025 को रात करीब 08:30 से 09:30 बजे के बीच उसका भांजा गौरव उसके घर अलमारी में से रुपये व आभूषण चोरी करके ले गया। यह सब उन्होंने अपनी भांजी की शादी व भात के लिए रखे हुए थे। इस शिकायत पर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की। इस शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए नगदी व आभूषण चोरी करने वाले आरोपी गोकुल सिंह तंवर उर्फ गौरव निवासी गांव खेड़ी तलवाना जिला महेंद्रगढ़ वर्तमान निवासी गांव बांस कुसला गुरुग्राम तथा उसकी महिला साथी दीपा नूर उर्फ सपना निवासी गांव चमरपुरा, थाना सहजनवा, जिला रामपुर, उत्तर-प्रदेश वर्तमान किराएदार नौरंगपुर गुरुग्राम को काबू कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी गौकुल को तीन दिन के तथा आरोपी दीपा को दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी गौकुल अपने मामा (शिकायतकर्ता) के घर पर ही रहता है। उसको पता था कि उसके मामा ने नगदी व आभूषण अलमारी में रखे हुए है। 18 नवंबर 2025 को गौकुल ने मौका देखकर अलमारी में रखे रुपए व आभूषण चोरी कर लिए।
रहेजा मॉल में दीपा नूर से हुई मुलाकात
19 नवंबर को रहेजा मॉल में गौकुल की मुलाकात आरोपित महिला दीपा नूर से हुई। दीपा पहले एक स्पा सेंटर में काम करती थी। अब काम की तलाश में घूम रही थी। दीपा को यह पता लग गया था कि गौकुल के पास काफी रुपये हंै तो उसने गौकुल के साथ दोस्ती कर ली और गौकुल को मॉल में स्पा सेंटर व अन्य स्थानों पर घुमाया। इसके बाद ये दोनों आपस में बात करने लगे। दीपा ने गौकुल को शादी करने की बात भी कही। आरोपी गौकुल इस दौरान गुरुग्राम में विभिन्न स्थानों पर घूमा। कभी दीपा के किराए के कमरे पर भी जाता था। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से दो लाख 53 हजार रुपए बरामद किए हैं। दोनों आरोपी पुलिस हिरासत रिमांड पर हैं।
(Udaipur Kiran)



