Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

ग्वालियरः शहर के बाजारों में छाई दीपावली की रौनक

ग्वालियर कलेक्टर मार्केट में दीपावली का सामान खरीदते हुए

ग्वालियर, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दीपावली त्यौहार पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के सभी प्रमुख बाजार सजधजकर तैयार हैं। रंगबिरंगी रोशनियों से नहाए बाजारों की रौनक देखते ही बन रही है। गुरुवार को भी सुबह से बाजार खुल गए हैं। जिलेवासी दीपावली के लिये जमकर खरीददारी कर रहे हैं। इससे व्यापारी भी खुश हैं। बाजारों में फुटपाथ पर बैठकर पवित्र दीपक एवं अन्य पूजन सामग्री बेचने वाले छोटे-छोटे व्यवसाइयों का भी कारोबार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप अच्छा चल रहा है।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बुधवार की रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ महाराज बाड़ा पहुँचकर दीपावली को ध्यान में रखकर की गई तैयारियों का जायजा लिया। दरअसल, ग्वालियर में उच्च न्यायालय परिसर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को लेकर चल रहे विवाद के बाद कुछ संगठनों ने 15 अक्टूबर को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी थी, लेकिन जिला प्रशासन की सख्ती के चलते आंदोलन नहीं हुआ। पूरा शहर पुलिस के पहरे में रहा। इस दौरान बाजार भी खुले और दिनभर शांति के माहौल में जनजीवन रोजमर्रा जैसा चलता रहा। इसी बीच रात में कलेक्टर-एसपी महाराज बाड़ा पहुंच गए।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने इस अवसर पर फुटपाथ पर दुकान लगाकर बैठे छोटे-छोटे व्यवसाइयों से चर्चा कर उनके व्यवसाय के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने दीपावली के लिये इनसे छोटे-छोटे व बड़े-बड़े पवित्र दीपक भी खरीदे और महिला दुकानदार को यूपीआई से भुगतान किया। उन्होंने फुटपाथी दुकानों पर रखी पारंपरिक स्वदेशी पूजन सामग्री एवं सजावटी सामान की प्रशंसा की।

कलेक्टर ने नगर निगम व संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फुटपाथ पर दुकान लगाकर दीपावली के अवसर पर व्यवसाय कर रहे छोटे-छोटे दुकानदारों को कोई तकलीफ नहीं होना चाहिए। इन सबकी सुविधा को ध्यान में रखकर यातायात व्यवस्था को अंजाम दिलायें। व्यवस्था ऐसी हो, जिससे यातायात भी सुचारू बना रहे और छोटे-छोटे दुकानदारों का व्यवसाय भी ठीक से चलता रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *