Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
WORLD

हमास ने एक और मृत बंधक का ताबूत इजराइल को सौंपा

इजराइल के रिशोन लेजियन में 17 अक्टूबर को बंधक इनबार हेमैन के अंतिम संस्कार के मौके पर खड़े शोकाकुल लोग। फोटो - इंटरनेट मीडिया

तेल अवीव, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । इजराइल के सैन्य अधिकारी आज सुबह एक और बंधक के शव का ताबूत लेकर गाजा पट्टी से यहां पहुंचे। इस ताबूत में अवशेष हैं। हमास ने शुक्रवार देररात ताबूत रेडक्रॉस को सौंपा। इसके बाद रेडक्रॉस के अधिकारी ताबूत को लेकर गाजा-इजराइल सीमा पर पहुंचे और उसे इजराइल सुरक्षा बलों (आईडीएफ) के अफसरों के हवाले कर दिया। ताबूत को तेल अवीव के अबू कबीर फोरेंसिक संस्थान पहुंचाया गया है।

द टाइम्स ऑफ इजराइल अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, आईडीएफ ने सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ ताबूत को इजराइली झंडे लपेटा और तत्काल इजराइल के लिए रवाना हो गए। इससे पहले फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास ने कहा था कि उसने सभी मृत बंधकों को वापस कर दिया था। हमास ने कहा था कि और भी शव मलबे में दबे हो सकते हैं, उसे खोजने में वक्त लगेगा। अगर आज सौंपे गए शव की पहचान इजराइली बंधक के रूप में हो जाती है तो 18 और बंधकों के शव की वापसी बाकी रह जाएगी। युद्धविराम समझौते में हमास ने 28 शव लौटाने पर सहमति जताई थी।

आईडीएफ ने कहा कि रेडक्रॉस ने दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में हमास से यह ताबूत लिया। यहां शुक्रवार की सुबह की फुटेज और तस्वीरों में हमास के आतंकी हमाद टाउन आवासीय परिसर में खुदाई करते दिखाई दे रहे थे। अरब मीडिया ने तो एक बंधक का नाम भी लिया है, जिसका शव संभवतः उस इलाके में एक सुरंग में दबा हुआ था।

अमेरिका के सीबीएस न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, आईडीएफ ने शनिवार तड़के एक्स पोस्ट में बंधकों के परिवारों से आधिकारिक पहचान की प्रतीक्षा करने का आग्रह किया है। शुक्रवार देररात एक पोस्ट में, आईडीएफ ने कहा कि रेडक्रॉस दक्षिणी गाजा पट्टी में बैठक स्थल की ओर जा रहा है, जहां एक मृतक बंधक का ताबूत उसे सौंप दिया जाएगा। हमास की सशस्त्र शाखा अल-कस्साम ब्रिगेड्स ने शुक्रवार को कहा था कि वह शव सौंप रही है।

यह घोषणा हमास के बुधवार को दिए गए उस बयान के बाद आई ,जिसमें कहा गया था कि उसने गाजा में मौजूद सभी इजरायली बंधकों के अवशेष सौंप दिए हैं। गाजा शांति योजना में हमास से 13 अक्टूबर तक सभी शेष बंधकों (20 जीवित और 28 मृत) को सौंपने का आह्वान किया गया था। पिछले सप्ताह शांति योजना के लागू होने के बाद से हमास पर इजरायली बंधकों के अवशेषों को सौंपने में देरी करने का आरोप लगाया गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *