Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HEADLINES

हरियाणा का 23वां जिला होगा हांसी, मुख्यमंत्री सैनी ने की घोषणा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी

चंडीगढ़, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को नया जिला बनाने का ऐलान किया है। मंगलवार को हांसी में आयोजित रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की। हांसी हरियाणा का 23वां जिला होगा।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि वर्ष 2017 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हांसी को पुलिस जिला बनाया था। चुनाव से पहले वह जब हांसी में आए थे तो आचार संहिता लगी हुई थी। इसके चलते लोगों की यह मांग अधूरी रह गई थी।

मुख्यमंत्री ने हांसी में जैसे ही इसकी घोषणा की वैसे ही लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाई। मुख्यमंत्री ने मंच से दावा किया कि हांसी को जिला बनाए जाने के संबंध में एक सप्ताह के भीतर अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

हरियाणा सरकार द्वारा नए जिले व तहसीलों के निर्माण को लेकर बनाई गई कमेटी ने पिछले सप्ताह ही मुख्यमंत्री को अपनी रिपोर्ट भेजी थी। ड्राफ्ट योजना के तहत हांसी में दो उपमंडल, तीन तहसील और एक उपतहसील को शामिल किया जाएगा। इसमें 97 राजस्व गांव और 110 ग्राम पंचायत शामिल की जाएंगी। नए जिले के ड्राफ्ट में हांसी, नारनौद उपमंडल के अलावा हांसी, नारनौंद, बास तहसीलें और खेडी चौपटा उपतहसील का इलाका शामिल होगा। वर्तमान में जो पुलिस जिला का सीमांकन है, उसी को राजस्व जिला का सीमांकन माना जाएगा। इस संबंध में सरकार द्वारा विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *