Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

हरिपुरधार फर्जी पुलिस मामला: भाजपा ने कांग्रेस सरकार को घेरा

भाजपा नेताओं ने सुक्खू सरकार पर गुंडा तत्वों को संरक्षण देने का आरोप लगाया

नाहन, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सिरमौर जिला के हरिपुरधार में एक फर्जी डीएसपी, पांच बाउंसर और एक दर्जन से अधिक फर्जी पुलिस कर्मियों के पकड़े जाने के बाद सियासत तेज हो गई है। इस मामले को लेकर जिला के भाजपा नेताओं ने सुक्खू सरकार पर गुंडा तत्वों को संरक्षण देने और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराने के आरोप लगाए हैं।

प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य बलबीर ठाकुर, जिला भाजपा महासचिव रणबीर ठाकुर और जिला प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने कहा कि यदि हरिपुरधार के जागरूक लोग और सतर्क पुलिस प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करते, तो दो गाड़ियों में सवार होकर आए ये फर्जी पुलिसकर्मी इलाके में किसी बड़ी और गंभीर घटना को अंजाम दे सकते थे।

भाजपा नेताओं ने सवाल उठाया कि सोलन, नाहन, रेणुका और संगड़ाह जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को पार करते हुए ये लोग पुलिस की वर्दी पहनकर और गाड़ियों पर पुलिस के बोर्ड लगाकर हरिपुरधार तक कैसे पहुंच गए, जो राज्य की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए फर्जी पुलिस कर्मियों में मुस्लिम समुदाय के लोग, नेपाली मूल के युवक और उत्तराखंड की युवतियां भी शामिल हैं। भाजपा नेताओं ने चिंता जताई कि यदि समय पर इनका भंडाफोड़ नहीं होता, तो बिना लाइसेंस हथियारों से लैस ये लोग किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे।

भाजपा का आरोप है कि पुलिस की वर्दी, पुलिस बोर्ड लगी गाड़ियां और हथियारों के साथ इस तरह से घूमना इस बात का संकेत है कि सरकार का ऐसे असामाजिक तत्वों पर कोई नियंत्रण नहीं है। नेताओं ने जिला पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर मामले की गहन जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि ये लोग हथियारों के साथ शांतिप्रिय हरिपुरधार क्षेत्र में किस मकसद से आए थे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर आई मौजूदा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और अब हरिपुरधार जैसे पिछड़े और शांत इलाके के लोग भी डर के साए में जीवन जीने को मजबूर हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *