Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HARYANA

हरियाणा विधानसभा ने जताया प्रधानमंत्री का आभार

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी सदन में प्रस्ताव पेश करते हुए

– विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित हुआ धन्यवाद प्रस्ताव

चंडीगढ़, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर प्रदेशभर में कार्यक्रमों के सफल आयोजन का श्रेय मुख्यमंत्री नायब सैनी को देते हुए विधानसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। केसरिया पगड़ी बांधकर सदन में आए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आकर्षण का केंद्र बने रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आयोजित किए गए कार्यक्रमों की सिलसिलेवार जानकारी साझा करते हुए हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, श्री गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस आयोजन समिति, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों और नागरिक संस्थाओं का आभार जताया। सदन की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में आयोजित विशाल समागम में गुरुजी को नमन किया और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में भी शामिल हुए। पीएम को विधानसभा की ओर से धन्यवाद पत्र भेजा जाएगा।

संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा द्वारा सरकारी प्रस्ताव प्रस्तुत करने के बाद चर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में निर्णय लिया गया था कि जहां-जहां से यात्रा निकलेगी, वहां के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा, परंतु ऐसा नहीं हुआ। थोड़ी ही देर बाद करनाल के भाजपा विधायक जगमोहन आनंद की बारी आई तो उन्होंने हुड्डा का नाम लिए बगैर कहा कि धार्मिक कार्यों के लिए किसी को आमंत्रण की जरूरत नहीं होती, बल्कि यह तो आस्था की बात है। इस पर नाराज हुए हुड्डा ने कहा कि हो सकता है कि मुझसे बड़ा कोई धार्मिक व्यक्ति न हो। क्या आप मुझे धर्म सिखाओगे। बात बढ़ती देख विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मोर्चा संभालते हुए कहा कि इस महान विषय पर चर्चा में आरोप-प्रत्यारोपों से बचना चाहिए।

कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सिर पर जो पगड़ी बांधी है, उसका हमेशा मान रखना चाहिए। इसी तरह कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने सिख गुरुओं के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान करते हुए धार्मिक कार्यक्रमों में सभी को साथ लेकर चलने का अनुरोध किया। विधानसभा उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिढ़ा ने छोटे साहिबजादों की शहादत का जिक्र करते हुए कहा कि कल्पना मात्र से रोंगटे खड़े हो जाते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में स्कूलों में निबंध प्रतियोगिताएं आरंभ कर दी हैं। इससे साहिबजादों के जीवन से बच्चों को प्रेरणा मिलेगी।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *