Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

देहरादून में अतिवृष्टि का कहर: 13 की मौत, 16 लापता, कई मकान मलबे में दबे

देहरादून, 16 सितम्बर (Udaipur Kiran News): उत्तराखंड के देहरादून जिले में अतिवृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। सहस्त्रधारा के पास कार्लीगार्ड और मण्झारा गांव के बीच बाढ़ व बारिश जनित घटनाओं में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 से अधिक लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान जारी है। मुख्यमंत्री ने राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावितों को हरसंभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

अतिवृष्टि

सूत्रों के अनुसार सहस्त्रधारा से तीन किमी आगे कार्लीगार्ड और मण्झारा गांव के बीच गाढ़, जो सहस्त्रधारा नदी में मिलती है, अचानक बाढ़ के साथ आए मलबे में समा गई। इस दौरान करीब 2-3 मकान और कुछ रिसॉर्ट दब गए। आशंका है कि यहां दो से तीन लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। राहत एवं बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटा है।

दोपहर में झड़ीपानी में एक मकान पर मलबा आने से एक व्यक्ति की मौत और एक घायल हो गया। वहीं, डीआईटी कॉलेज, राजपुर रोड के निकट मसूरी डायवर्जन में पानी में बहे छात्र का शव बरामद किया गया। भगत सिंह कॉलोनी में भी एक व्यक्ति तेज बहाव में बह गया। राजपुर शिखर फॉल और टपकेश्वर क्षेत्र में दो और एक व्यक्ति के बहने की खबर है। तहसील कालसी के जजरेट में पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई।

कैनाल रोड काठबंगला में नदी का जलस्तर बढ़ने से एक मकान बह गया और कई अन्य मकान क्षतिग्रस्त हुए। प्रशासन ने तुरंत प्रभावित घरों से लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। फिलहाल नदी का जलस्तर घट रहा है। कई लोग बढ़ते प्रवाह में फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ट्रैक्टर नदी में बहा, पांच शव बरामद
प्रेमनगर क्षेत्र के परवल गांव में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर टोंस नदी में बह गया। ट्रैक्टर में लगभग 15 लोग सवार थे। बचाव टीम अब तक पांच शव बरामद कर चुकी है और तलाश जारी है।

सरकारी और निजी संपत्तियों को भी भारी नुकसान
जिला आपदा परिचालन केंद्र के मुताबिक, देहरादून जिले में अतिवृष्टि से 13 लोगों की मौत, तीन लोग घायल और 16 लोग लापता हैं। इसके अलावा सरकारी और निजी संपत्तियों को भी गंभीर नुकसान हुआ है। इनमें 13 पुल, 10 पुलिया, दो मकान, 31 दीवारें, दो अमृत सरोवर, 12 खेत, 12 नहरें, 21 सड़कें, सात पेयजल योजनाएं, आठ हॉज और 24 पुस्ता शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
जिलाधिकारी सविन बंसल ने मालदेवता, सहस्त्रधारा, मजयाडा और कार्लीगाड सहित आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर क्षति का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह और सीडीओ अभिनव शाह भी उनके साथ मौजूद रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *