Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

बीबीएल में इतिहास रचा: हीट ने स्कॉर्चर्स के खिलाफ 258 रन का लक्ष्य हासिल किया

जैक वाइल्डरमुथ और मैट रेनशॉ

ब्रिस्बेन, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बिग बैश लीग (बीबीएल) के इतिहास में शुक्रवार को एक यादगार मुकाबला देखने को मिला, जब ब्रिस्बेन हीट ने पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ 258 रन का विशाल लक्ष्य आखिरी गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। यह BBL इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज़ है। साथ ही, टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार किसी रन चेज़ में दो बल्लेबाज़ों ने शतक जमाए।

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पर्थ स्कॉर्चर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 257 रन बनाए, जो बीबीएल का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। फिन एलेन (38 गेंदों पर 79 रन) और कूपर कॉनॉली (37 गेंदों पर 77 रन) ने हीट के गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई की। दोनों के बीच 142 रन की विस्फोटक साझेदारी हुई, जिसमें कुल 14 छक्के लगे। अंत में निक हॉब्सन ने नाबाद 48 रन जोड़कर स्कॉर्चर्स को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

हीट के गेंदबाज़ों के लिए यह दिन मुश्किल रहा। अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ शाहीन अफरीदी ने अपने स्पेल में 49 रन लुटाए। ज़ेवियर बार्टलेट सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 2 विकेट लिए, हालांकि उन्होंने भी 11 रन प्रति ओवर की दर से रन दिए।

258 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्रिस्बेन हीट की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान कॉलिन मुनरो पहली ही गेंद पर झाय रिचर्डसन का शिकार बन गए। लेकिन इसके बाद मैट रेनशॉ और जैक वाइल्डरमुथ ने ऐसा तूफानी खेल दिखाया, जिसने मैच की तस्वीर ही बदल दी।

दोनों के बीच 212 रन की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। रेनशॉ ने 48 गेंदों पर शतक पूरा किया, जिसमें 9 छक्के शामिल थे। वह अंत में रन आउट हो गए, लेकिन तब तक मैच हीट की पकड़ में आ चुका था। जैक वाइल्डरमुथ अंत तक टिके रहे और 54 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। उनकी पारी में 9 छक्के और 5 चौके शामिल थे।

इस तरह ब्रिस्बेन हीट ने 19.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 258 रन बनाते हुए स्कॉर्चर्स को 8 विकेट से हराया और बिग बैश लीग में नया इतिहास रच दिया।

संक्षिप्त स्कोर:

पर्थ स्कॉर्चर्स 257/6 (20 ओवर)

फिन एलेन 79, कूपर कॉनॉली 77; ज़ेवियर बार्टलेट 2/44

ब्रिस्बेन हीट 258/2 (19.5 ओवर)

जैक वाइल्डरमुथ 110*, मैट रेनशॉ 102

परिणाम: ब्रिस्बेन हीट ने 8 विकेट से जीत दर्ज की।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *