Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान में भारी बारिश का कहर: कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, जनजीवन प्रभावित

जयपुर, 25 अगस्त (Kiran News)। राजस्थान के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई शहरों, कस्बों और गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में पानी भरने से सड़कें और पुलिया डूब गई हैं, वहीं मकानों के गिरने और डूबने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। रविवार को सबसे ज्यादा वर्षा नागौर में 7 इंच दर्ज की गई। इसके अलावा अजमेर, बीकानेर, दौसा, हनुमानगढ़, जोधपुर, झुंझुनूं और सिरोही समेत कई जिलों में भी मूसलधार बारिश हुई।

rajasthan heavy rain

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में तेज बारिश का सिलसिला 27 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है। सोमवार को सिरोही, राजसमंद और उदयपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 13 जिलों में येलो अलर्ट है। बारिश के अलर्ट को देखते हुए जयपुर-सीकर समेत 19 जिलों में कहीं एक, कहीं दो तो कहीं तीन दिन की स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।

पिछले 24 घंटे में वर्षा जनित कई हादसे सामने आए हैं। चूरू जिले के सरदारशहर के पूलासर गांव में तालाब में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। नागौर जिले के बच्चाखाडा गांव में मकान गिरने से दो लोगों की जान गई, जबकि लोहारपुरा में भी एक पुराना मकान ढह गया। उदयपुर के डबोक क्षेत्र में खदान में भरे पानी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। झालावाड़ में कालीसिंध नदी की पुलिया पर एक कार बह गई, जिसमें सवार चार लोगों में से दो की मौत हो गई, जबकि एक सरकारी शिक्षक समेत दो लोग लापता हैं।

पिछले 24 घंटों में नागौर में 173 मिमी, डेह में 137 मिमी, जायल में 112 मिमी, खींवसर में 99 मिमी, छोटी खाटू में 92 मिमी, बीकानेर के लूणकरणसर में 91 मिमी, हनुमानगढ़ के गोलूवाला में 92 मिमी, संगरिया में 90 मिमी और सिरोही के माउंट आबू में 71 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। अजमेर, दौसा, धौलपुर, जयपुर, जोधपुर और झुंझुनूं समेत कई जिलों में भी भारी वर्षा दर्ज की गई।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, मानसून सीजन 15 जून से 25 अगस्त तक राज्य में वर्षा जनित हादसों में अब तक 93 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 46 लोग बहने या डूबने, 24 लोग बिजली गिरने और बाकी अन्य हादसों में मारे गए। 51 लोग घायल हुए हैं। मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। राहत और बचाव कार्यों के लिए SDRF की 57 और NDRF की 7 टीमें तैनात की गई हैं। सभी जिलों में सिविल डिफेंस की टीमें भी सक्रिय हैं। अब तक 792 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस समय मानसून ट्रफ बीकानेर, जयपुर, ग्वालियर और प्रयागराज होते हुए गुजर रही है। राजस्थान के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अगले तीन दिनों तक राज्य में भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *