छत्तीसगढ़ के बस्तर, नारायणपुर और कांकेर में भारी बारिश का यलो अलर्ट, सिकासार बांध पर खतरे की घंटी
रायपुर, 16 अगस्त (Kiran News)। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बस्तर, नारायणपुर और कांकेर जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग के अन्य जिलों में बिजली गिरने और बादल गरजने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

बीती रात से लगातार हो रही तेज बारिश
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बीती रात से ही तेज बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। दुर्ग और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई है और यह सिलसिला आने वाले सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है।
सिकासार बांध का जलस्तर पहुंचा रिकॉर्ड स्तर पर
लगातार हो रही बारिश की वजह से गरियाबंद जिले स्थित सिकासार बांध का जलस्तर 193.97 मीटर क्यूबिक तक पहुंच गया है। यह इस मानसून सीजन में पहली बार है जब जलाशय 97.51 प्रतिशत भराव पर पहुंचा है। प्रशासन ने तटवर्ती गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
तापमान में भी आई गिरावट
बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री रहा।
अगले सप्ताह भी भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि छत्तीसगढ़ में आने वाले सप्ताह तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों को बिजली गिरने और जलभराव जैसी समस्याओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



