धमतरी :खेत में टूट कर गिरा हाइटेंशन विद्युत तार, बना हुआ है खतरा

धमतरी, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।शहर के साल्हेवारपारा वार्ड निवासी बलीराम मरार के खेत में बीते चार माह से हाइटेंशन विद्युत तार टूटकर गिर गया है, इससे खतरा बना हुआ है। किसान खेती भी नहीं कर पा रहा है। हाइटेंशन विद्युत तार को दुरूस्त करने मांग को लेकर बुजुर्ग किसान सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन पहुंचा।
किसान ने बताया कि उसकी कृषि भूमि ग्राम तेलीनसत्ती में है। उक्त कृषि भूमि से बिजली का हाईटेंशन तार गया हुआ है जो तीन-चार माह से उसके खेत में गिर गया है। विद्युत विभाग में इस बात की जानकारी दी गई है परंतु आज तक किसी प्रकार से कार्य ही नहीं किया गया। तार गिरने की वजह से एवं करेंट लगने के डर से कृषि कार्य नहीं कर पा रहे हैं। विद्युत विभाग को हाईटेंशन तार जोड़ने का आदेश देने का आग्रह कलेक्टर से किया है।
मालूम हो कि धमतरी जिले के कई स्थानों में इस तरह की स्थिति है जहां पर हाई टेंशन तार खेतों के बीच से गुजरे हुए हैं। तेज हवा तूफान में अक्सर हाई टेंशन तार खेतों में गिर जाते हैं। समय पर मरम्मत नहीं हो पाती जिससे कृषि कार्य प्रभावित होता है। कुछ साल पहले ग्राम पंचायत मुजगहन के खेत में भी हाई टेंशन तैयार गिर गया था जिससे खतरा बना हुआ था। महीनाें तक शिकायत करने के बाद विद्युत विभाग हरकत में आया और तब जाकर हाइटेंशन तार व पोल की मरम्मत हुई।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा



