Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

ड्राफ्ट मतदाता सूची में सबसे ज्यादा नाम दक्षिण 24 परगना से बाहर, कलिम्पोंग में सबसे कम

ईसी

कोलकाता, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल में प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के आंकड़ों से बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक संकेत सामने आया है। राज्य के 24 जिलों में सबसे ज्यादा मतदाताओं के नाम दक्षिण 24 परगना जिले से बाहर किए गए हैं, जबकि पहाड़ी जिला कलिम्पोंग में सबसे कम नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं।

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अक्टूबर 2025 तक की पिछली मतदाता सूची की तुलना में दक्षिण 24 परगना जिले से आठ लाख से अधिक मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। यह आंकड़ा राज्य के सभी जिलों में सबसे ज्यादा है।

दूसरे स्थान पर उत्तर 24 परगना जिला है, जहां करीब 7.93 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर किए गए हैं। कोलकाता से सटे हावड़ा जिले में यह संख्या करीब 4.47 लाख रही, जिससे वह तीसरे स्थान पर है। कोलकाता उत्तर जिले में लगभग 3.91 लाख नाम हटाए गए हैं, जबकि हुगली जिले में यह आंकड़ा करीब 3.18 लाख रहा है। पश्चिम बर्दवान जिले में करीब 3.06 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं पाए गए हैं।

इसके अलावा मुर्शिदाबाद, नदिया, मालदा, कोलकाता दक्षिण, पश्चिम मेदिनीपुर और पूर्व बर्दवान जैसे जिलों में दो लाख से अधिक मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर किए गए हैं। कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, उत्तर दिनाजपुर, पूर्व मेदिनीपुर, पुरुलिया और बांकुड़ा जिलों में एक लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं।

वहीं दक्षिण दिनाजपुर, अलीपुरद्वार और झारग्राम जिलों में ड्राफ्ट सूची से बाहर किए गए मतदाताओं की संख्या एक लाख से कम रही है। सबसे कम प्रभावित जिला कलिम्पोंग रहा है, जहां 18 हजार से भी कम मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं।

ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण की पहली चरण की प्रक्रिया 16 दिसंबर को पूरी हो गई है। यह प्रक्रिया चार नवंबर से शुरू हुई थी। अब दूसरे चरण में दावा और आपत्ति दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही नोटिस जारी करने, सुनवाई, सत्यापन और दावों व आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा एक साथ की जाएगी।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद ही पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *