Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

अनुभव और युवा जोश के साथ मैदान में उतरेंगी एचआईएल जीसी और कलिंगा लांसर्स की टीमें

भारतीय हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय

नई दिल्ली, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पुरुषों की हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) एक बार फिर रोमांचक सीज़न के साथ वापसी कर रही है। आगामी 2026 सत्र से पहले एचआईएल गवर्निंग काउंसिल टीम (एचआईएल जीसी) और वेदांता कलिंगा लांसर्स अपनी-अपनी मजबूत टीम संरचना के दम पर प्लेऑफ में जगह बनाने की कोशिश करेंगी। दोनों टीमों के पास अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ युवा भारतीय प्रतिभाओं का बेहतरीन मिश्रण मौजूद है।

एचआईएल गवर्निंग काउंसिल टीम: संतुलन और अनुभव की ताकत

2026 सीज़न से पहले एचआईएल गवर्निंग काउंसिल ने यूपी रुद्रास फ्रेंचाइज़ी से संचालन अपने हाथ में लिया है, ताकि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए निरंतरता बनी रहे। टीम अपना अभियान 5 जनवरी को एसजी पाइपर्स के खिलाफ शुरू करेगी।

टीम की कमान हार्दिक सिंह के हाथों में होगी। गोलकीपिंग विभाग में इंग्लैंड के जेम्स मज़ारेलो और भारत के प्रशांत कुमार चौहान जैसे भरोसेमंद विकल्प मौजूद हैं। डिफेंस में भारत के अनुभवी सुरेंद्र कुमार (178 अंतरराष्ट्रीय मैच) और न्यूज़ीलैंड के केन रसेल (200 से अधिक सीनियर कैप्स) अहम भूमिका निभाएंगे। इनके अलावा ग्रेट ब्रिटेन के जेम्स अल्बेरी, भारत के प्रसांत बर्ला, जसजीत सिंह कुलार, मोहम्मद हारिस और तालेम प्रियबर्ता बैकलाइन को मजबूती देंगे।

मिडफील्ड में कप्तान हार्दिक सिंह के साथ मनमीत सिंह टीम की धुरी होंगे, जिन्होंने हाल ही में भारत में खेले गए एफआईएच हॉकी मेन्स जूनियर वर्ल्ड कप में छह गोल किए थे। इनके साथ राहुल यादव और आयरलैंड के अनुभवी मिडफील्डर डैराघ वॉल्श भी मौजूद रहेंगे।

आक्रमण पंक्ति में भारत के ललित कुमार उपाध्याय (67 अंतरराष्ट्रीय गोल) और ग्रेट ब्रिटेन के सैम वॉर्ड (216 अंतरराष्ट्रीय गोल) सबसे बड़े हथियार होंगे। इनके अलावा गुरजोत सिंह, सुदीप चिरमाको, अजीत यादव, बेल्जियम के तांगुई कोसिंस और न्यूज़ीलैंड के साइमन यॉर्स्टन टीम के आक्रमण को और धार देंगे।

वेदांता कलिंगा लांसर्स: मजबूत डिफेंस और अंतरराष्ट्रीय अनुभव

वेदांता कलिंगा लांसर्स पिछले सीज़न में छठे स्थान पर रही थी और इस बार टीम मजबूत डिफेंस के दम पर बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य लेकर उतरेगी। गोलपोस्ट की जिम्मेदारी भारत के नंबर-1 गोलकीपर कृष्णन बी पाठक और ऑस्ट्रेलिया के जेड स्नोडन संभालेंगे।

डिफेंस में बेल्जियम की स्टार तिकड़ी—आर्थर वैन डोरेन (सह-कप्तान), अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स और एंटोनी कीना—टीम की सबसे बड़ी ताकत होगी। इनके साथ भारत के संजय (सह-कप्तान) अपने नेतृत्व और ड्रैगफ्लिकिंग कौशल से टीम को दिशा देंगे। सुनील पीबी, प्रताप लकड़ा और रोहित कुल्लू भी डिफेंस को और मजबूत करेंगे।

मिडफील्ड में ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ी लियाम हेंडरसन और क्रेग माराइस के साथ भारत के रबीचंद्र सिंह मोइरंगथेम, अमित कुमार टोप्पो और रोसन कुजूर टीम को संतुलन देंगे। फॉरवर्ड लाइन में भारत के दिलप्रीत सिंह, बॉबी सिंह धामी, अंगद बीर सिंह और गुरसाहिबजीत सिंह के साथ ऑस्ट्रेलिया के कूपर बर्न्स टीम की आक्रमण शक्ति बढ़ाएंगे। वेदांता कलिंगा लांसर्स अपना पहला मुकाबला 4 जनवरी 2026 को रांची रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई में खेलेगी।

एचआईएल गवर्निंग काउंसिल टीम (स्क्वाड)

जेम्स मज़ारेलो (ग्रेट ब्रिटेन), प्रशांत कुमार चौहान, जेम्स अल्बेरी (ग्रेट ब्रिटेन), जसजीत सिंह कुलार, मोहम्मद हारिस, सुरेंद्र कुमार, केन रसेल (न्यूज़ीलैंड), प्रसांत बर्ला, तालेम प्रियबर्ता, हार्दिक सिंह, मनमीत सिंह, राहुल यादव, डैराघ वॉल्श (आयरलैंड), साइमन यॉर्स्टन (न्यूज़ीलैंड), अजीत यादव, सुदीप चिरमाको, सैम वॉर्ड (ग्रेट ब्रिटेन), तांगुई कोसिंस (बेल्जियम), गुरजोत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय।

वेदांता कलिंगा लांसर्स (स्क्वाड)

जेड स्नोडन (ऑस्ट्रेलिया), कृष्णन बी पाठक, सुनील पीबी, एंटोनी कीना (बेल्जियम), प्रताप लकड़ा, आर्थर वैन डोरेन (बेल्जियम), रोहित कुल्लू, अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स (बेल्जियम), संजय, क्रेग माराइस (ऑस्ट्रेलिया), रबीचंद्र सिंह मोइरंगथेम, अमित कुमार टोप्पो, लियाम हेंडरसन (ऑस्ट्रेलिया), रोसन कुजूर, गुरसाहिबजीत सिंह, कूपर बर्न्स (ऑस्ट्रेलिया), अंगद बीर सिंह, दीपक प्रधान, दिलप्रीत सिंह, बॉबी सिंह धामी।

————-

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *