Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

चिट्टा उन्मूलन की ऐतिहासिक पहल: मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में हमीरपुर में जन-जागरण का मेगा वाकथान

कार्यक्रम

हमीरपुर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश को चिट्टा (हेरोइन) के अभिशाप से मुक्त कराने की मुहिम में मंगलवार काे एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हजारों छात्रों और नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हमीरपुर में आयोजित मेगा वाकथान में हिस्सा लिया और ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ के संकल्प को नई ऊर्जा दी। करीब पंद्रह हजार लोगों की उमड़ी भीड़ ने इस अभियान को जनांदोलन का रूप दे दिया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बाल स्कूल खेल मैदान से शुरू हुई पदयात्रा का नेतृत्व किया जो बस अड्डा, नादौन चौक, गांधी चौक होते हुए तीन किलोमीटर का सफर तय कर दोसडका पुलिस मैदान में समाप्त हुई। इस दौरान उन्होंने हजारों छात्रों को चिट्टा के खिलाफ जंग के लिए शपथ दिलाई। मैदान में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने गंभीर स्वर में कहा कि चिट्टा हमारी युवा पीढ़ी को जकड़ रहा है। इसे जड़ से उखाड़ फेंकना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। मैं प्रदेश का बेटा हूं और इस पीढ़ी को बचाने की जिम्मेदारी मेरे ऊपर है। हम चिट्टा मुक्त हिमाचल बनाकर रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चिट्टा कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी सख्त कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा, चिट्टा कारोबारियों ने बड़े-बड़े होटल और भवन बनाए हैं। उन सभी पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि कोई भी संदिग्ध जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को 112 पर सूचित करें। सूचना देने वालों को इनाम दिया जाएगा।

सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बताया कि विपक्ष भी इस मुहिम में सरकार के साथ है। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट में संशोधन करके इसे प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। इस अभियान के तहत 235 पंचायतों में टास्क फोर्स सक्रिय है। चिट्टा के अधिक इस्तेमाल वाले इलाकों की मैपिंग और निगरानी की जा रही है। हर रोज चिट्टा और उसके तस्कर पकड़े जा रहे हैं।

इस ऐतिहासिक जन-जागरण कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, स्थानीय विधायक सुरेश कुमार, सुजानपुर विधायक कै. रणजीत सिंह राणा, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, मंजीत सिंह डोगरा, पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन भारती सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विशाल राणा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *