Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

होम गार्ड्स और नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस 6 दिसंबर को, भोपाल में होगा मुख्य समारोह, मुख्यमंत्री देंगे विशेष संदेश

होम गार्ड्स स्थापना दिवस

भोपाल, 5 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश में होम गार्ड्स और नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस राज्‍य में छह दिसंबर को मनाया जाएगा, जिसके लिए राजधानी भोपाल में मुख्य कार्यक्रम की विस्तृत तैयारी की गई है। यह आयोजन सुबह 10 बजे शुरू होगा और इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सलामी लेकर होम गार्ड्स और नागरिक सुरक्षा बल के जवानों के उत्साह को बढ़ाएंगे और प्रदेशवासियों को विशेष संदेश देंगे।

उल्‍लेखनीय है कि होम गार्ड्स राज्‍य में नागरिक सुरक्षा जैसे संगठन राज्य की आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, दुर्घटना सहायता और संकट के समय राहत कार्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अत्यंत प्रभावी भूमिका निभाते आए हैं। स्थापना दिवस मनाने का उद्देश्य इन सेवाओं के महत्‍व को याद करना, जवानों के साहस और समर्पण को सम्मान देना और नागरिकों में सुरक्षा तथा जागरूकता की भावना बढ़ाना है।

राजधानी भोपाल में आयोजित होने वाला यह समारोह इस बार विशेष रूप से भव्य रहेगा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किए जाने की भी संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने संबोधन में प्रदेश की सुरक्षा संरचना को मजबूत बनाने, आपदा राहत तंत्र को आधुनिक बनाने और होम गार्ड्स व नागरिक सुरक्षा बल को नई सुविधाएँ व संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित कर सकते हैं। इसके साथ ही वे प्रदेश के नागरिकों से सुरक्षा मानकों के पालन और संकट के समय सहयोग की अपील भी कर सकते हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *