Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

तीन दिवसीय दौरे पर आज कोलकाता पहुंचेंगे गृह मंत्री अमित शाह

अमित शाह

कोलकाता, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार शाम तीन दिवसीय के दौरे पर कोलकाता पहुंच रहे हैं। खास बात ये है कि साल का आखिरी दिन 31 दिसंबर भी अमित शाह पश्चिम बंगाल में ही बिताएंगे, जिसे पार्टी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सोमवार शाम 7:30 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरते ही अमित शाह सीधे साल्ट लेक स्थित पार्टी के मुख्यालय जाएंगे। यहां वह विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन की स्थिति की समीक्षा करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जमीनी हालात, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।

दौरे के दौरान अमित शाह कई अहम बैठकें करेंगे। वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग स्तर पर संवाद करेंगे और चुनावी तैयारियों की पड़ताल करेंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस बैठक में बंगाल की राजनीतिक परिस्थिति और चुनावी समन्वय पर चर्चा हो सकती है।

अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के विधायकों, सांसदों और कोलकाता नगर निगम के पार्षदों के साथ भी अलग से बैठक करेंगे। इन बैठकों में शहरी क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति और संगठन की मजबूती पर विशेष फोकस रहेगा।

30 दिसंबर को अमित शाह कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकते हैं, जिसमें वह राज्य की राजनीति, आगामी विधानसभा चुनाव और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट कर सकते हैं।

31 दिसंबर को उनके किसी बंगाली महापुरुष या सांस्कृतिक प्रतीक से जुड़े स्थान या आवास पर जाने की संभावना है। हालांकि इस कार्यक्रम को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

कुल मिलाकर, विधानसभा चुनाव से पहले अमित शाह का यह दौरा भारतीय जनता पार्टी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। साल के आखिरी दिनों में बंगाल में लगातार बैठकों और समीक्षाओं के जरिए अमित शाह बंगाल फतह में संगठन की मजबूती को लेकर कोई भी कोर कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहते।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *