Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

सरगुजा में खौफनाक डबल मर्डर : दंपती की नींद में निर्मम हत्या, सिर पर ताबड़तोड़ वार से गई जान

खेतिहर दंपती की नींद में निर्मम हत्या, सिर पर ताबड़तोड़ वार से गई जान

बलरामपुर, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। दरिमा थाना क्षेत्र के कुम्हरता गांव में एक दंपती की घर में सोते समय बेरहमी से हत्या कर दी गई। गांव में सनसनी फैल गई है और लोग हैरान हैं कि शांत स्वभाव वाले इस दंपती का आखिर किससे बैर था?

गुरुवार की सुबह जब गांव के एक व्यक्ति ने किसान रीमा राम (52) और उनकी पत्नी उर्मिला (50) को काम पर बुलाने के लिए दरवाजा खटखटाया, तो घर से कोई आवाज नहीं आई। दरवाजा बाहर से बंद था। शक होने पर उसने कुंडी खोली और अंदर का नज़ारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई दोनों पति-पत्नी खून के सागर में पड़े थे।

मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। जांच में पता चला कि दोनों के सिर पर भारी चोट के निशान हैं। शुरुआती अनुमान है कि रात में सोते समय किसी ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतारा। दोनों की मौत मौके पर ही हो गई थी।

गांव के लोग बताते हैं कि रीमा राम और उर्मिला गांव में बेहद मिलनसार दंपती के रूप में जाने जाते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी और वे पहाड़ी के ऊपर स्थित अपने छोटे से घर में रहते थे। खेती-बाड़ी और मजदूरी ही उनका सहारा थी। किसी से दुश्मनी या विवाद की जानकारी ग्रामीणों को नहीं है। सरपंच धर्मेंद्र सिंह ने बताया, दोनों का स्वभाव शांत था, न किसी से झगड़ा, न कोई रंजिश। ऐसी निर्मम हत्या ने पूरे गांव को दहला दिया है।

दरिमा थाना प्रभारी राजेश कुमार खलखो ने बताया कि फॉरेंसिक जांच जारी है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। हालांकि अब तक किसी संदिग्ध या ठोस सुराग का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। हत्या का कारण लूट, पुरानी रंजिश या निजी विवाद सभी पहलुओं पर जांच जारी है। गांव के लोग भी इस रहस्यमयी वारदात से सकते में हैं।

शांत और सादगी से भरा जीवन जीने वाले इस दंपती की नींद में हुई निर्मम हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर किसने इस बेगुनाह दंपती को मौत के घाट उतारा? सरगुजा पुलिस के सामने यह अब एक बड़ा मर्डर मिस्ट्री बन चुका है।

—————

(Udaipur Kiran) / विष्णु पांडेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *