Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

कैंची धाम के पास संदिग्ध परिस्थितियों में होटल कर्मी की गोली लगने से मौत

घटनास्थल पर रेस्टोरेंट कर्मी का शव, और शव की जांच करते पुलिस कर्मी।

नैनीताल, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । नैनीताल जनपद के प्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र के बीती रात्रि एक रेस्टोरेंट में रेस्टोरेंट कर्मचारी की रेस्टोरेंट के मालिक की लाइसेंसी पिस्टल से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी है। पुलिस घटना की सभी कोणों से जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के कारण गोली दुर्घटनावश लगी है।

पुलिस घटना के पीछे किसी तरह की मारपीट या पुरानी रंजिश से फिलहाल इंकार कर रही है। शव को फॉरेंसिक जांच एवं पंचनामे की कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।

भवाली कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात्रि साढ़े 11 से पौने 12 बजे के बीच कैंची धाम क्षेत्र के किरौला रेस्टोरेंट में इस रेस्टोरेंट के कर्मचारी तथा आसपास के कुछ लोग रात्रि में काम निपटाने के बाद अपना खाना-पीना कर रहे थे। इस दौरान रेस्टोरेंट कर्मचारी आनंद सिंह (38 वर्ष) पुत्र लोक सिंह, निवासी पानकटारा सिमलखा, बेतालघाट ने रेस्टोरेंट के मालिक रमेश किरौला की लाइसेंसी पिस्टल उठा ली।

इस पर मौजूद लोगों ने उससे पिस्टल छीनने का प्रयास किया, किंतु पिस्टल से गोली चल गयी और आनंद सिंह के कान के पास लगी। जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना होने पर हर कोई सन्न रह गया। रेस्टोरेंट मालिक ने तत्काल भवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली भवाली से कोतवाल प्रकाश मेहरा, एसएसआई आसिफ खान व अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कमरे को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया।

कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रात में काम निपटाने के दौरान आसपास के लोग और रेस्टोरेंट कर्मी बैठ कर खा-पी रहे थे। घटना से पूर्व आनंद सिंह फोन पर किसी से बात करते हुए आत्मघाती कदम उठाने की बातें कर रहा था। इसके लिये उसने पिस्टल उठायी जो दुर्घटनावश चल गयी। पुलिस पिस्टल से गोली चलने के कारणों की विस्तृत और हर कोण से जांच कर रही है।

फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत एकत्र किये हैं, मौके पर मौजूद लोगों के भी बयान लिये गये हैं। पुलिस ने पिस्टल और शव को कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि आगे फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण छिपा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *