पेंशन, एरियर और डीए न मिलने से भड़के एचआरटीसी पेंशनर, शिमला में किया प्रदर्शन
शिमला, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । आराम करने की उम्र में भी एचआरटीसी पेंशनरों को अब अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मंगलवार को शिमला में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। पेंशनरों का कहना है कि अप्रैल 2024 के बाद सेवानिवृत्त हुए करीब 250 कर्मचारियों को अभी तक पेंशन का लाभ नहीं दिया गया है, जबकि हर महीने मिलने वाली पेंशन में भी लगातार देरी की जा रही है। सितंबर महीने की पेंशन तक अभी जारी नहीं हुई है।
पेंशनरों का आरोप है कि सरकार ने पुराने पेंशन सिस्टम (ओपीएस) की गारंटी देकर सत्ता में आई थी, लेकिन एचआरटीसी कर्मियों के साथ वादाखिलाफी की जा रही है। इसके अलावा 2016 के नए वेतनमान का एरियर, डीए और मेडिकल बिलों का भुगतान भी लंबे समय से लंबित पड़ा है, जिससे पेंशनरों को भारी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एचआरटीसी पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवराज ने कहा कि पेंशनरों की करोड़ों रुपये की वित्तीय देनदारियां सरकार के पास अटकी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने एचआरटीसी के 50 वर्ष पूरे होने पर जो घोषणाएं की थीं, उन्हें अब तक लागू नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं कीं तो पेंशनर आंदोलन को और तेज करेंगे।
गौरतलब है कि प्रदेश में एचआरटीसी के करीब आठ हजार पेंशनर हैं, जिन्हें अपने वित्तीय लाभों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। बढ़ती उम्र और घटती आर्थिक स्थिति के बीच पेंशनरों का सब्र अब टूटता नजर आ रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा


