Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

कोरबा: एसएस प्लाजा में भीषण आग, ज्वेलरी-कपड़ा-बर्तन की कई दुकानें जलकर खाक

दुकान में आज सुबह अचानक आग लग गई।

कोरबा, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शहर के मध्य स्थित व्यावसायिक परिसर एसएस प्लाजा में सोमवार सुबह करीब 6 बजे भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में पूरे प्लाजा में घना धुआं फैल गया, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और उनमें रखा सामान जलकर खाक हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से बालाजी स्टील, पद्मिनी ज्वेलर्स, बालाजी क्लॉथ भंडार सहित दो अन्य छोटी दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। ज्वेलरी, कपड़े और बर्तन की दुकानों में रखे लाखों रुपये के सामान के जलने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना क्षेत्र की पुलिस और नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए कुल 14 दमकल वाहनों को लगाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब 5 घंटे में आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सका, हालांकि देर तक धुआं निकलता रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन एसएस प्लाजा और श्याम प्लाजा के आसपास की लगभग 50 से 70 दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करा दिया गया।

दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी और फोम का छिड़काव किया। आग के कारण आसपास के इलाके में बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए बाधित रही। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

प्रशासन और पुलिस द्वारा आग के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। प्रशासन ने प्रभावित दुकानदारों से नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *