Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

इको पार्क के पास झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 14 दमकल की गाड़ियां मौके पर

इको पार्क के पास झुग्गी बस्ती में भीषण आग

कोलकाता, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

कोलकाता के इको पार्क से सटी घनी झुग्गी बस्ती में बुधवार देर रात आग लग गई। अग्निकांड की इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है, लेकिन रात बीतने के बाद गुरुवार की सुबह तक आग बुझाने का काम जारी है। घटनास्थल पर दमकल विभाग की 14 इंजन मौजूद हैं। जिस इलाके में आग लगी है वह घनी आबादी वाला और संकरी गलियों से भरा होने के कारण दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

झुग्गियों में लगी आग का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन लगातार सिलेंडर विस्फोट हो रहे हैं और इसी वजह से आग तेजी से फैल रही है। स्थानीय निवासियों का यही अनुमान है कि सिलेंडर फटने से आग और भयावह हो गई।

सूचना पाकर घटनास्थल पर राज्य के दमकल मंत्री सुजीत बोस भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि कई झुग्गियों में प्लास्टिक की बड़ी मात्रा में सामग्री थी, इसलिए आग और तेजी से फैल गई। हालांकि, आग को और फैलने से रोकने के लिए दमकलकर्मियों ने उचित कदम उठाए हैं। उन्होंने आग बुझाने के लिए 20 इंजनों की व्यवस्था की है। जरूरत पड़ने पर सभी इंजनों को काम में लाया जाएगा।

उस इलाके में दमकल पहुंचने में आई दिक्कत के बारे में दमकल मंत्री ने कहा, पहले कठिनाई हुई लेकिन बाद में आम लोगों के सहयोग से घनी बस्ती में दमकल इंजन पहुंचाना संभव हो गया। हालांकि, लगभग तीन घंटे बीत गए और आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

झुग्गी बस्ती के निवासियों का कहना है कि एक के बाद एक सिलेंडर विस्फोट से आग की तीव्रता लगातार बढ़ती गई। दमकल विभाग को खबर दी गई। पहले चार और बाद में 10 और दमकल इंजन घटनास्थल पर पहुंचे। रिपोर्ट लिखे जाने तक 14 इंजन मौके पर पहुंच चुके हैं। लेकिन संकरी गलियों और घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण आग बुझाने का काम शुरू करने में दमकलकर्मियों को काफी परेशानी हुई। अभी तक आग को नियंत्रण में नहीं लाया जा सका है। युद्ध स्तर पर यह काम जारी है। आग कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *