Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

आईसीसी रैंकिंग : दीप्ति शर्मा बनीं नंबर 1 टी-20 गेंदबाज़

भारतीय गेंदबाज दीप्ती शर्मा

नई दिल्ली, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय महिला टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अपने करियर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) टी-20 गेंदबाज़ों की रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। यह उपलब्धि उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज़ के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के दम पर हासिल की। आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, विशाखापत्तनम में खेले गए इस मैच में दीप्ति ने चार ओवर में सिर्फ 20 रन देकर एक विकेट लिया था।

ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड अगस्त से टी-20 गेंदबाज़ों की रैंकिंग में शीर्ष पर बनी हुई थीं लेकिन दीप्ति के इस प्रदर्शन ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। भारत की आठ विकेट की जीत के बाद दीप्ति को पांच रेटिंग अंक का फायदा हुआ और अब वह सिर्फ एक अंक की बढ़त के साथ नंबर-1 स्थान पर काबिज हैं।

वहीं, वनडे बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोलवार्ड्ट ने स्मृति मंधाना से नंबर-1 का ताज वापस छीन लिया है। आयरलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज़ के आखिरी मैच में शानदार शतक जड़ने के बाद वोलवार्ड्ट शीर्ष स्थान पर पहुंच गईं। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ अंतिम दो मैचों में लगातार शतक लगाए और दक्षिण अफ्रीका ने यह सीरीज़ 3-0 से अपने नाम की। इस प्रदर्शन के साथ वोलवार्ड्ट ने करियर का सर्वश्रेष्ठ रेटिंग स्कोर भी हासिल किया।

स्मृति मंधाना अब वनडे बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं।

भारतीय टीम की अन्य खिलाड़ियों को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। अरुंधति रेड्डी टी-20 गेंदबाज़ों की सूची में पांच स्थान की छलांग लगाकर 36वें नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स टी-20 बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में पांच स्थान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गई हैं। श्रीलंका के खिलाफ नाबाद अर्धशतक के लिए जेमिमा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था। वह अब टॉप-10 टी-20 बल्लेबाज़ों में शामिल हो गई हैं, जहां उनके साथ स्मृति मंधाना (तीसरे) और शैफाली वर्मा (10वें) स्थान पर मौजूद हैं।

दक्षिण अफ्रीका की सुने लूस ने भी वनडे रैंकिंग में सुधार किया है। वह वनडे बल्लेबाज़ों की सूची में सात स्थान की छलांग लगाकर 34वें और वनडे ऑलराउंडरों की रैंकिंग में 11 स्थान ऊपर चढ़कर 22वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

आयरलैंड की खिलाड़ियों को भी फायदा हुआ है। अर्लीन केली वनडे गेंदबाज़ों की सूची में पांच स्थान ऊपर चढ़कर 27वें नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, गैबी लुईस (18वां) और एमी हंटर (28वां) ने वनडे बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में क्रमशः चार और तीन स्थान का सुधार किया है।

————–

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *