Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HEADLINES

आर जी कर भ्रष्टाचार मामला : अख्तर अली पेश नहीं हुए तो जारी होगा वारंट, अदालत ने दी सख्त चेतावनी

कलकत्ता हाईकोर्ट

कोलकाता, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से जुड़े वित्तीय भ्रष्टाचार मामले में पूर्व डिप्टी सुपर नन मेडिकल अख्तर अली की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मंगलवार को इस मामले में अलिपुर स्थित सीबीआई विशेष अदालत में उनकी पेशी तय थी, लेकिन अख्तर अली अदालत में हाजिर नहीं हुए।

अख्तर अली की ओर से उनके वकील ने अदालत को बताया कि उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीबीआई विशेष अदालत ने निर्देश दिया कि अख्तर अली को अदालत में पेश होना होगा। हाजिर नहीं होने पर उनके खिलाफ वारंट जारी कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि आर.जी. कर अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सबसे पहले अख्तर अली ने ही टाला थाना में दर्ज कराए थे। उन्होंने पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे। वर्ष 2023 में अख्तर अली ने राज्य सतर्कता आयोग को भी लिखित शिकायत दी थी, जिसमें अस्पताल प्रशासन से जुड़े कई कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था।

बाद में आर.जी. कर अस्पताल में डॉक्टर छात्रा से जुड़े दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद इस भ्रष्टाचार मामले ने तूल पकड़ लिया। इसी मामले में सीबीआई जांच के दौरान पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को गिरफ्तार किया गया था और हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ली थी।

हालांकि जांच आगे बढ़ने के साथ ही सीबीआई को शिकायतकर्ता अख्तर अली के खिलाफ भी अहम दस्तावेज और सबूत मिले, ऐसा सूत्रों का दावा है। इसके बाद सीबीआई की चार्जशीट में अख्तर अली का नाम शामिल किया गया और उन्हें समन भेजा गया। समन के बावजूद मंगलवार को अदालत में पेश नहीं होने पर अब अदालत ने सख्त संदेश देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद आर.जी. कर भ्रष्टाचार मामला एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है और आने वाले घंटों में अख्तर अली की पेशी को लेकर सबकी नजरें अदालत पर टिकी हुई हैं।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *