Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HARYANA

पानीपत में स्कूली छात्र ने टाई से गले में फंदा लगाकर दी जान

मृतक मयंक का फाइल फोटो
सिविल अस्पताल में मृतक छात्र मयंक का पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजन।

पानीपत, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के पानीपत की कश्यप कॉलोनी में मंगलवार शाम को एक 12 वर्षीय स्कूली छात्र ने टाई से गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि बच्चे को स्कूल के स्टाफ ने बेइज्जत किया था। साथ ही उसकी सहपाठियों से भी कहासुनी हुई थी। वह स्कूल से लौटा तो परेशान था। बाद में अपनी स्कूल वर्दी की टाई से घर पर ऊपर बने कमरे में फंदा लगा कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय मां घर के काम में व्यस्त थी।

पानीपत की कश्यप कॉलोनी में रहने वाले रविंद्र ने बताया कि उनका भतीजा मयंक मंगलवार दोपहर स्कूल से लौटने के बाद घर पर खाना खाकर ट्यूशन पढ़ने गया था। शाम को वह ट्यूशन से लौटा और सीधे ऊपर बने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब वह नीचे नहीं आया तो परिजन ऊपर पहुंचे जहां मयंक को स्कूल ड्रेस की टाई से फंदे पर लटका देखा। परिजनों ने बताया कि मयंक मुखीजा कॉलोनी स्थित पार्वती स्कूल में पढ़ता था। करीब एक सप्ताह पहले स्कूल में कुछ बच्चों के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान मयंक के पिता राजेश ने स्कूल स्टाफ से बातचीत कर मामला शांत करवाया था।

मयंक के चाचा रविंद्र ने आरोप लगाया कि स्कूल स्टाफ ने कुछ दिन पहले मयंक को सभी बच्चों के सामने खड़ा करके बेइज्जत किया था। इसी घटना से वह मानसिक रूप से परेशान था। परिवार का कहना है कि बच्चे के स्वभाव में पिछले कुछ दिनों से बदलाव देखने को मिला था। स्कूल के स्टाफ ने बताया कि मयंक बहुत होनहार छात्र था और पढ़ाई में होशियार था। स्कूल की प्रधानाचार्या सविता शर्मा ने बताया कि उनको मयंक की आत्महत्या की सूचना मिली थी तो उसके घर पर पहुंची। स्कूल में मयंक का किसी के साथ कोई विवाद नहीं हुआ है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया गया। तन पुराना औद्योगिक प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। और जो भी तथ्य सामने आयेंगे उन्हीं के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल वर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *