Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BUSINESS

साल 2026 में साप्ताहिक छुट्टी के अतिरिक्त 15 दिन और बंद रहेगा शेयर बाजार

प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । साल 2026 में घरेलू शेयर बाजार शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा राष्ट्रीय त्योहारों या सार्वजनिक छुट्टियों के मौके पर 15 अतिरिक्त दिन बंद रहेगा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की ओर से जारी की गई छुट्टियों की लिस्ट के मुताबिक इस साल 4 पब्लिक हॉलीडे शनिवार या रविवार को पड़ रहे हैं। दूसरी ओर, पांच पब्लिक हॉलीडे शुक्रवार को पड़ने वाले हैं। इस वजह से स्टॉक मार्केट के कारोबारी को साल 2026 के दौरान 5 बार लॉन्ग वीकेंड या लॉन्ग ट्रेडिंग हॉलीडे मिलेगा।

स्टॉक मार्केट में पारंपरिक रूप से शनिवार और रविवार को साप्ताहिक छुट्टी होती है। इसके अलावा कई पब्लिक हॉलीडे के मौके पर भी स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग नहीं होती है‌। इन छुट्टियों की घोषणा पूर्ववर्ती साल के अंत में ही कर दी जाती है। पहले से घोषित इन छुट्टियों में कोई परिवर्तन होने पर बीएसई और एनएसई प्लेटफॉर्म पर भी हॉलीडे अपडेट किया जाता है।

स्टॉक एक्सचेंज की ओर से जारी की गई छुट्टियों की लिस्ट के अनुसार साल 2026 में पहला पब्लिक हॉलीडे 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर होगा। इसके बाद होली के मौके पर 3 मार्च को भी स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। इसी माह 26 मार्च को श्री रामनवमी के अवसर पर और 31 मार्च को श्री महावीर जयंती के मौके पर भी स्टॉक मार्केट में कामकाज नहीं होगा।

अप्रैल के महीने में साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा दो दिन पब्लिक हॉलीडे रहने वाला है। इस महीने की 3 तारीख को गुड फ्राइडे की छुट्टी होगी, जबकि 14 अप्रैल को डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। अप्रैल की तरह मई में भी साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा दो पब्लिक हॉलीडे रहेंगे। महीने के पहले दिन 1 मई को महाराष्ट्र दिवस की छुट्टी रहेगी, जबकि 28 मई को बकरीद के कारण स्टॉक मार्केट बंद रहेगा।

जून के महीने में 26 तारीख को स्टॉक मार्केट में मोहर्रम के कारण छुट्टी रहेगी। इसके बाद गणेश चतुर्थी के मौके पर 14 सितंबर को स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। अक्टूबर के महीने में 2 तारीख को महात्मा गांधी जयंती के कारण स्टॉक मार्केट बंद रहेगा, जबकि 20 अक्टूबर को दशहरा की छुट्टी होने के कारण बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी। नवंबर में 10 तारीख को दिवाली बलि प्रतिपदा की छुट्टी रहेगी, जबकि 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के कारण शेयर बाजार में छुट्टी रहेगी। साल 2026 की आखिरी छुट्टी 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर होगी।

साल 2026 के दौरान महाशिवरात्रि (15 फरवरी, रविवार), ईद उल फितर (21 मार्च, शनिवार), स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त, शनिवार) और दिवाली/लक्ष्मी पूजन (8 नवंबर, रविवार) के मौके पर साप्ताहिक छुट्टी होने के कारण अलग से कोई ट्रेडिंग हॉलीडे नहीं रहेगा। हालांकि एनएसई की ओर से स्पष्ट किया गया है कि 8 नवंबर को रविवार होने के बावजूद दिवाली के मौके पर मुहूर्त ट्रेडिंग की जाएगी। मुहूर्त ट्रेडिंग के समय का ऐलान बाद में किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *