भीलवाड़ा में इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी, राजनीतिक डोनेशन और ब्लैक मनी की पड़ताल तेज

भीलवाड़ा, 19 अगस्त (Udaipur Kiran). भीलवाड़ा में इनकम टैक्स विभाग की बड़ी कार्रवाई मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही. जयपुर और दिल्ली से आई विशेष आईटी टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र के गुर्जर मोहल्ले में दबिश देकर महेश नामक व्यक्ति के घर पर सर्च किया. महेश लंबे समय से अकाउंट्स और टैक्स से जुड़ी सेवाएं दे रहा था और राजनीतिक दलों को डोनेशन के लेन-देन में मीडियेटर की भूमिका निभाता माना जा रहा है.

इनकम टैक्स

Monday को भीलवाड़ा के चंद्रशेखर आजाद नगर में बाकलीवाल पिता-पुत्र के यहां छापेमारी शुरू हुई थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं. जांच में मॉरीशस के माध्यम से इंटर आर्क बिल्डिंग सॉल्यूशन लिमिटेड नामक कंपनी में बड़े पैमाने पर निवेश की बात सामने आई है. इनकम टैक्स विभाग को शक है कि यह निवेश ब्लैक मनी से जुड़ा हुआ है, जिसे टैक्स बचाने के उद्देश्य से भारत भेजा गया.

जांच का दायरा भीलवाड़ा तक सीमित नहीं रहा, इससे पहले दिल्ली, मुंबई, नोएडा और दौसा में भी छापेमारी हो चुकी है. विभाग की नजर नेटवर्क पर है, जिसके माध्यम से कथित तौर पर विदेश से आए फंड को राजनीतिक डोनेशन और कंपनियों में निवेश के जरिए खपाया गया. मंगलवार को गुर्जर मोहल्ले में आईटी अधिकारियों की पांच गाड़ियां पहुंचीं. महेश के घर से कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए हैं. मुंबई में अंकुर नामक व्यक्ति से भी लगातार पूछताछ जारी है.

सूत्रों के अनुसार, मॉरीशस की कंपनियों के माध्यम से भारत में पैसा भेजकर उसे निर्माण और अन्य सेक्टरों में निवेश के रूप में दिखाया गया. अगर यह साबित हो जाता है कि यह ब्लैक मनी है, तो यह एक बड़ा घोटाला माना जाएगा.

भीलवाड़ा और दौसा में हुई ताजा कार्रवाई से साफ है कि विभाग इस केस को लेकर गंभीर है और आने वाले दिनों में और भी नाम सामने आ सकते हैं. स्थानीय स्तर पर कार्रवाई से गुर्जर मोहल्ला और चंद्रशेखर आजाद नगर में चर्चा तेज है कि यह जांच और किन-किन बड़े नामों तक पहुंचेगी.

Leave a Comment