मथनिया में ग्रामीण के साथ अभद्र व्यवहार, चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर

जोधपुर, 05 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । पुलिस कमिश्नरेट के कुड़ी थाने में एक अधिवक्ता के साथ हुए अभद्र व्यवहार की घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है वहीं जिला पूर्व के मथानिया थाने की तिंवरी पुलिस चौकी इंजार्च का वीडियो सामने आ गया है जिसमें वह एक ग्रामीण के साथ अभद्र व्यवहार करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने इसकी पुष्टि खुद की है।
दरअसल तिंवरी पुलिस चौकी के बाहर गत एक दिसंबर को एक सडक़ हादसा हो गया था। यहां के स्थानीय निवासी अकरम का नौ साल का बेटा एक बाइक के पास खड़ा था जिसे एक बोलेरो ने टक्कर मार दी इससे उसके पांव में चोट लगी। इसके बाद बोलेरो चालक गाड़ी लेकर तिंवरी चौकी में चला गया। घटना की जानकारी मिलने पर सभी लोग चौकी पर पहुंचे। ग्रामीण ने चौकी इंचार्ज एएसआई रूपाराम से बच्चे को इलाज के लिए पुलिस गाड़ी से भेजने की बात कही। जिसके बाद विवाद हो गया।
इस दौरान कहासुनी इतनी ज्यादा हो गई कि एएसआई रूपाराम ने आपा खो दिया और ग्रामीण पर बरस पड़ा। इस दौरान किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में ग्रामीण को यह कहते सुना जा सकता है, गरीब आदमी हूं, मदद कर दो। जबकि रूपाराम ग्रामीण को फटकारते हुए गुस्से में बोले जा रहा है। वीडियो के अंत में तो वह गालीगलौच करता नजर आया। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि वीडियो तीन-चार दिन पुराना है। चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच एसीपी सेंट्रल कर रहे हैं।
(Udaipur Kiran) / सतीश



