Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

धर्मशाला में भारत का दमदार प्रदर्शन, दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त

धर्मशाला में भारत का दमदार प्रदर्शन, दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त

धर्मशाला, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से मात दी और पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की अहम बढ़त हासिल कर ली। पहले गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी से मेहमान टीम को छोटे स्कोर पर रोका, फिर बल्लेबाजों ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

रविवार शाम धर्मशाला स्टेडियम में टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 7 रन पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। क्विंटन डी कॉक (1), रीजा हेंड्रिक्स (0) और डेवाल्ड ब्रेविस (2) जल्दी पवेलियन लौट गए। संकट के बीच कप्तान ऐडन मार्करम ने एक छोर संभाले रखा और संघर्षपूर्ण 61 रन की पारी खेली। उनके अलावा डोनोवन फरेरा ने 20 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके और पूरी टीम 20 ओवर में 117 रन पर सिमट गई।

भारत की ओर से गेंदबाजी में संतुलित प्रदर्शन देखने को मिला। अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट झटके, जबकि हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली।

118 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 31 गेंदों में 68 रन जोड़ दिए। अभिषेक शर्मा ने 18 गेंदों पर 35 रन की तेज पारी खेली, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनके आउट होने के बाद तिलक वर्मा को ऊपर भेजा गया। तिलक और गिल ने पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन गिल 28 रन बनाकर आउट हो गए।

कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। तिलक वर्मा 26 रन और शिवम दुबे 10 रन बनाकर नाबाद रहे। दुबे ने लगातार चौका-छक्का लगाकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन और कॉर्बिन बॉश को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे भारतीय बल्लेबाजों को दबाव में नहीं ला सके।

इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है, जिससे आगामी मुकाबलों में टीम का आत्मविश्वास और मजबूत हुआ है।

——————–

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *