Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

इंदौरः रणजीत अष्टमी पर 12 दिसंबर को पूर्ण आस्था और श्रद्धा के साथ निकलेगी विशाल प्रभात फेरी

कलेक्टर की अध्यक्षता में रणजीत हनुमान मंदिर में हुई बैठक

– कलेक्टर की अध्यक्षता में रणजीत हनुमान मंदिर में हुई बैठक, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए

इंदौर, 03 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के इंदौर में आगामी 12 दिसम्बर को पावन रणजीत अष्टमी के अवसर पर रणजीत हनुमान मंदिर से विशाल प्रभात फेरी पूर्ण श्रद्धा,आस्था और अपार उत्साह के साथ आयोजित की जायेगी। इस प्रभात फेरी में भगवान श्री रणजीत विशेष स्वर्ण रथ में सवार होकर नगर का भ्रमण करेंगे। इस विशाल आयोजन की तैयारियां प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार को श्री रणजीत हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में आयोजन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और रणजीत हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित दीपेश व्यास मौजूद थे।

बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए जिससे कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े श्रद्धालुओं को सभी तरह की सुविधाएं रहें। सुरक्षा के भी पूरे इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। इस अवसर कलेक्टर शिवम वर्मा ने रणजीत हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन भी किये।

शराब पीकर आने वालों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में तय किया गया कि प्रभात फेरी मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। शराब पीकर आने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यात्रा मार्ग पर किसी भी तरह के शस्त्र का प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा। सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। कंट्रोल रूम की स्थापना भी होगी। मुख्य मार्ग पर बेरिकेटिंग की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।

मंच लगाने के लिए लेना होगी अनुमतिबैठक में बताया गया कि प्रभात फेरी मार्ग में मंच लगाने के लिए पुलिस से अनुमति लेना होगी। रथ यात्रा मार्ग में लगने वाले मंच का साइज भी निर्धारित किया गया है। चौड़ाई अधिकतम 8 फिट रखना होगी। आवश्यकता के अनुसार मध्य प्रदेश विद्युत मंडल से विद्युत कनेक्शन लेना होगा। बैठक में विद्युत सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गर्म प्रसाद का नहीं होगा वितरणबताया गया कि मंच पर या आसपास किसी भी तरह के प्रसाद का निर्माण करने की अनुमति नहीं होगी। मंच से किसी भी प्रकार का गर्म प्रसाद वितरित नहीं किया जा सकेगा।

आकस्मिक चिकित्सा की व्यवस्था

बैठक में बताया गया कि प्रभात फेरी मार्ग में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था रखी जाएगी। निर्धारित जगहों पर एंबुलेंस भी तैनात रहेगी। साथ ही फायर ब्रिगेड की भी विशेष व्यवस्था रखी जाएगी। बैठक में बताया गया कि श्रद्धालु दशहरा मैदान, लालबाग, सराफा विद्या निकेतन, फूटी कोठी आदि निर्धारित स्थानों पर अपने वाहन पार्क कर सकते हैं। प्रभात फेरी की व्यवस्थाओं में लगने वाले अधिकारियों और वॉलिंटियरों को परिचय पत्र दिए जाएंगे।

ये होंगे आयोजन

ऐतिहासिक प्रसिद्ध रणजीत हनुमान मंदिर में रणजीत अष्टमी पर्व की शुरुआत आगामी 9 दिसंबर को इंदौर कलेक्टर ध्वजारोहण करेंगे। इसके पश्चात 10 दिसंबर को शाम 7 बजे दीपोत्सव के बाद भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। दीपोत्सव के तहत मंदिर परिसर में 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जो भक्त अपने घरों से लाएंगे। 11 दिसंबर को रथ में विराजित होने वाली विग्रह प्रतिमा अभिषेक के साथ ही सवा लाख रक्षासूत्र सिद्ध किए जाएंगे, जो प्रभातफेरी में भक्तों को निःशुल्क बांटे जाएंगे। मंदिर के मुख्य पुजारी पं. दीपेश व्यास ने बताया कि 12 दिसंबर को सुबह 5 बजे बाबा रणजीत स्वर्ण रथ में सवार होकर भक्तों को आशीष देने के लिए भ्रमण पर निकलेंगे। पं. व्यास के अनुसार रणजीत अष्टमी को भव्य स्वरूप में मनाने हेतु तैयारियां शुरू हो गई हैं। हजारों किलो फूलों से फूल बंगला भी सजाया जाएगा, वहां चारों दिन मंदिर की फूलों से भव्य सजावट की जायेगी।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *