Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

इंदौर: मंत्री निर्मला भूरिया ने बाल संरक्षण गृह में बच्चों से किया संवाद, संवेदनशीलता के साथ सुनीं समस्याएं

मंत्री निर्मला भूरिया ने बाल संरक्षण गृह में बच्चों से किया संवाद
बच्चों को लाने और ले जाने वाले वाहन का किया लोकार्पण

– हरी झंडी दिखाकर बच्चों को लाने और ले जाने वाले वाहन का किया लोकार्पण

भोपाल, 30 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने अपने इंदौर प्रवास के दौरान मंगलवार को राजकीय बाल संरक्षण गृह, वन स्टॉप सेंटर, बाल भवन, सखी निवास आदि स्थानों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों और संबंधित अधिकारियों के साथ खुलकर संवाद किया। बातचीत के माध्यम से मंत्री निर्मला भूरिया ने मौके पर ही बच्चों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि सरकार की योजनाओं से उन्हें लाभांवित किया जायेगा।

इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रजनीश सिन्हा, संयुक्त संचालक डॉ. विशाल नाडकर्णी, क्षेत्रीय संयुक्त संचालक संध्या व्यास, परियोजना अधिकारी राजेन्द्र मण्डलोई, उप संचालक सुनीता यादव, सहायक संचालक विष्णु प्रताप सिंह, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक वंचना परिहार, बाल संरक्षण आश्रम के अधीक्षक दिनेश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री निर्मला भूरिया ने अपने दौरे की शुरूआत मुराई मोहल्ला स्थित शासकीय बाल सरंक्षण गृह से की। यहाँ उन्होंने बच्चों और युवाओं से वन-टू-वन संवाद किया और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना। राजकीय बाल संरक्षण गृह में रहकर पढ़ाई के साथ नौकरी कर रही छात्रा, फैशन डिजाइन का कोर्स, इंजीनियरिंग और मशीनिष्ट की पढ़ाई पूरी कर स्वरोजगार की तलाश में छात्र की समस्याओं का भी मंत्री निर्मला भूरिया ने निराकरण किया।

मंत्री निर्मला भूरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजकीय बाल संरक्षण गृह में रह रही सभी 38 बच्चियों एवं लड़कियों के प्रति संवेदनशीलता के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलायें। मंत्री निर्मला भूरिया ने वन स्टॉप सेंटर में आने वाली महिलाओं से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं को जाना और वन स्टाप सेंटर प्रशासक वंचना परिहार को निर्देश दिए कि वे महिलाओं की समस्याओं का निराकरण करें। इस मौके पर राजकीय बाल संरक्षण गृह के अधीक्षक द्वारा इंदौर जिले को भिक्षा मुक्त करने के बारे में जानकारी दी गई। निर्मला भूरिया ने बच्चों को उपहार बांटे और उनके साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाया।

इस मौके पर मंत्री निर्मला भूरिया ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत राजकीय बाल संरक्षण गृह में आम के पौधे का रोपण किया। साथ ही राजकीय बाल संरक्षण गृह में पढ़ने वाले बच्चों को लाने और ले जाने वाले वाहन को हरी झण्डी दिखाकर उसका लोकार्पण किया। मंत्री निर्मला भूरिया ने पलासिया स्थित बाल भवन परिसर का सम्पूर्ण अवलोकन किया। वहाँ उन्होंने बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न बाल गतिविधियों को नजदीकी से देखा। साथ ही बच्चों से संवाद किया। उन्होंने पलासिया स्थित सखी निवास में कामकाजी महिलाओं की समस्याओं को जाना और बातचीत के माध्यम से उनका समाधान किया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *