Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

इंदौरः खाद्य सामग्री के मिलावटखोरों पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

– स्ट्रीट फूड वेंडर्स का होगा प्रशिक्षण, सर्टिफिकेशन और कड़ी निगरानी पर दिया जाएगा ध्यान

इंदौर, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत गठित जिला स्तरीय सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता, उचित मानक और पूर्ण रूप से शुद्ध खाद्य सामग्री प्राप्त हो। खाद्य सामग्री में मिलावट करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। यह कार्रवाई लगातार अभियान चलाकर की जाए।

बैठक में अपर कलेक्टर रोशन राय, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इंदौर जिले में मिलावट के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर वर्मा ने स्पष्ट कहा कि मिलावटखोरों पर अब तक दर्ज मामलों के साथ-साथ आगे भी सबसे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि जिले में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का सतत निरीक्षण एवं नमूना कार्यवाही की जा रही है, एफएसएसएआई द्वारा प्रदत्त किए गए आरबीआईएस निरीक्षण अनुसार हाई रिस्क प्रतिष्ठानों का प्राथमिकता क्रम में निरीक्षण किया जा रहा है। विगत एक जुलाई 2025 से अब तक कुल 576 निरीक्षण किये गए तथा कुल 1392 नमूने जाँच हेतु लिए गए। दूध एवं दुग्ध उत्पाद के कुल 236 नमूने लिए गए है। बताया गया कि संबंधित आरोपियों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं। नमूनों के विश्लेषण की प्रक्रिया जारी है। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि इंदौर भोजन और स्ट्रीट फूड संस्कृति के लिए प्रसिद्ध शहर है, इसलिए आवश्यक है कि हर स्थान पर उपभोक्ताओं को उचित मानक और उच्च गुणवत्ता वाला खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से जिले में कार्रवाई के साथ-साथ अवेयरनेस गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि फूड सेफ्टी के मानकों की जानकारी सभी स्ट्रीट फूड वेंडर्स तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि शहर के हर स्ट्रीट वेंडर को उचित गुणवत्ता बनाए रखने हेतु ट्रेनिंग, जागरूकता कार्यक्रमों और सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।

बैठक में यह भी बताया गया कि मिलावट के मामलों में कई स्थानों पर एफआईआर दर्ज की गई है और भविष्य में भी निरंतर निगरानी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जिले की अगली कार्ययोजना में स्ट्रीट वेंडर्स की क्षमता वृद्धि और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोपरि रहेगी। बैठक में बताया गया कि ईट राइट चैलेंज-4 डैशबोर्ड की वर्तमान स्थिति के अनुसार इंदौर पूरे देश मे प्रथम स्थान पर है। इसके पूर्व भी ईट राइट चैलेंज-1 एवं ईट राइट चैलेंज-3 में भी इंदौर पूरे देश में प्रथम स्थान पर रहा है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *