अजमेर स्टेशन पर रेलवे बोर्ड के एडिशनल मेंबर का निरीक्षण


अजमेर, 20 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । रेलवे बोर्ड के एडिशनल मेंबर (टूरिज्म एंड कैटरिंग) अमित वर्धन ने शनिवार को अजमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उनका मुख्य ध्यान स्टेशन परिसर में यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही खानपान सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्था पर केंद्रित रहा।
निरीक्षण के दौरान अमित वर्धन ने आईआरसीटीसी बेस किचन सहित स्टेशन पर संचालित विभिन्न खानपान इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने वंदे भारत और शताब्दी एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की तैयारी, फूड प्लाजा, जनआहार सहित अन्य इकाइयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा खानपान की गुणवत्ता को और बेहतर बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो।
एडिशनल मेंबर ने खानपान से जुड़े सभी कांट्रेक्चुअल स्टाफ के पास क्यूआर कोड युक्त पहचान पत्र अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश भी दिए, जिससे निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही उन्होंने ‘वन स्टेशन-वन प्रोडक्ट’ (ओएसओपी) स्टॉल का निरीक्षण कर मंडल के सभी ओएसओपी स्टॉल को अधिक प्रोत्साहन दिए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को संबंधित स्टेशन की विशिष्ट और लोकप्रिय वस्तुएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी और स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान अमित वर्धन ने स्टेशन पर उपलब्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता स्वयं परखी और यात्रियों से भी खानपान व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। इसके अलावा उन्होंने अजमेर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, स्टेशन मैनेजर रवीश कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार स्वर्णकार सहित अन्य रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / संतोष



