Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

सघन पल्स पोलियो अभियान 63 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त मंडी।

मंडी, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मंडी जिला में आगामी 21 दिसंबर को आयोजित होने वाले सघन पल्स पोलियो अभियान को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। जिसको लेकर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में बैठक आयोजित की गई। अभियान के अंतर्गत जिला मंडी में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 63783 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए जिले भर में 1103 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जिन पर 4454 बूथ टीम सदस्य तथा 228 पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। जो बच्चे 21 दिसम्बर को खुराक लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 22 और 23 दिसंबर को घर-घर जाकर दवाई पिलाई जाएगी।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जिलावासियों से अपील की कि वे इस सघन पल्स पोलियो अभियान को जन-आंदोलन के रूप में लें और 0 से 5 वर्ष आयु के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलवाएं। उन्होंने कहा कि एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए, तभी शत-प्रतिशत कवरेज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्रवासी आबादी तथा झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी वर्कर और सहायिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए बच्चों को पोलियो बूथ तक लाने में सहयोग करने को कहा। उपायुक्त ने एचआरटीसी को निर्देश दिए कि 21 दिसम्बर को यदि किसी बस में 0 से 5 वर्ष आयु का बच्चा यात्रा कर रहा हो, तो सड़क किनारे स्थापित पोलियो बूथ पर बस रोककर उसे पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस, आयुष, शिक्षा विभाग और शहरी निकायों से अभियान के दिन अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आग्रह किया।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *