छत्तीसगढ़ में आईपीएस प्रखर पांडेय का हार्टअटैक से निधन

रायपुर 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी आईपीएस प्रखर पांडेय का आज रविवार काे निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक, उन्हें भिलाई में अचानक हार्टअटैक आया। जिसके बाद उन्हें तत्काल रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल लाया गया। डॉक्टरों ने इमरजेंसी ट्रीटमेंट दिया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
आईपीएस प्रखर पांडेय वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), सीआईडी विभाग में पदस्थ थे। उन्होंने अपने सेवा जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई। वे इससे पहले कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जिले में पुलिस अधीक्षक रहे। वहीं बिलासपुर और राजनांदगांव में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में भी उन्होंने सेवाएं दीं। उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता के कारण वे हमेशा चर्चित रहे।
उनके आकस्मिक निधन से पूरा पुलिस महकमा और प्रशासन स्तब्ध है। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। संघ के सभी अधिकारियाें ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जताई है।
—————
(Udaipur Kiran) / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल



