Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

जीवन को सुरक्षित करना और दूसरों की जान बचाना सभी का दायित्व : अभय मनोहर सप्रे

जिला रोड सेफ्टी कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक

मध्य प्रदेश के सतना में जिला रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक में बोले- पूर्व न्यायाधीश सप्रे सतना, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उच्चतम न्यायालय की रोड सेफ्टी कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व न्यायाधीश अभय मनोहर सप्रे ने कहा कि देश में रोड सेफ्टी की दिशा में कार्य करने की जिम्मेदारी उच्चतम न्यायालय ने सौंपी है। इस दिशा में कार्य करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीवन को सुरक्षित करना एवं लोगों की जान बचाना हम सभी का दायित्व है।

पूर्व न्यायाधीश सप्रे ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक घंटे में 25 से 50 लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में जा रही है। इसे गंभीरता से लेकर सड़क सुरक्षा की दिशा में कार्य करना हम सभी का दायित्व है। इसके लिए सड़क अच्छी एवं गुणवत्तापूर्ण बनना चाहिए। इस कार्य में यदि कोई कंपनी अथवा ठेकेदार लापरवाही बरतता है तो उसका लाइसेंस-ठेका खत्म कर दिया जाये। रोड बनाने में किसी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं हो, इस दिशा में जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करें, जिससे सडक दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

पूर्व न्यायाधीश सप्रे शनिवार को मध्य प्रदेश के सतना में जिला रोड सेफ्टी कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूत करना, ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा और दुर्घटनाओं को कम करने के उपायों पर चर्चा करना था। न्यायमूर्ति सप्रे ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों, ब्लैक स्पॉट्स के सुधार कार्यों, यातायात नियमों के पालन और जन जागरूकता अभियानों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तरीके से सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

यह बैठक उच्चतम न्यायालय द्वारा देशभर में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए गठित कमेटी के दौरे का हिस्सा है। इससे पहले कमेटी मध्य प्रदेश के अन्य जिलों सहित विभिन्न राज्यों में समीक्षा कर चुकी है। जिले में सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक में पूर्व न्यायाधीश सप्रे ने बताया कि वर्तमान में वाहनों की संख्या बढ़ रही है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हो रही है। वाहन चालक एवं सडक पर चलने वाला प्रत्येक व्यक्ति दोनों सुरक्षा नियमों का पालन करें, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आयेगी। दुर्घटनाओं का मुख्य कारण ओवर स्पीड लांग ड्राइविंग, सील्ट नहीं बांधना तथा हेलमेट नहीं पहनना है।

उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के मामले में मध्य प्रदेश दूसरे नम्बर पर तथा सतना जिला 13वें स्थान पर है। सडक दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में प्रत्येक व्यक्ति को जागृत करने के प्रयास किये जाये। दो पहिया वाहन चालक हेलमेट अनिवार्य रूप से पहने, इसके लिए घर-घर जाकर बताना जरूरी है। उन्होंने सतना कलेक्टर से कहा कि जिला मुख्यालय, तहसील, विकासखण्ड एवं ग्राम स्तर के सभी अधिकारी-कर्मचारियों जो दो पहिया वाहन चलाते है। वे अनिवार्य रूप से हेलमेट पहन कर आयें। तभी उन्हें कार्यालय परिसर में प्रवेश दिया जायेगा। सभी एजुकेशन इंस्टीटयूट अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को हेलमेट पहनना अनिवार्य करें। पेट्रोल पम्प मालिक बिना हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों को पेट्रोल का विक्रय नहीं करें। दो पहिया वाहनो के डीलर वाहन बिक्री के समय ग्राहक को हेलमेट अनिवार्य रूप से लगाने के लिए प्रेरित करें तथा हेलमेट भी प्रदाय करें। इस दिशा में लोगों में जागृति लाने के लिए रैली निकालकर लोगों को समझाइश दें। आरटीओ से ड्राइविंग लायसेंस और बीमा फिटनेस की जांच करें, अनफिट गाडियों को बंद कराने, रोड पर वाहन नहीं खडे करने के लिए नियमित पेट्रोलिंग करें।

उन्होंने बस आनर्स एसोसिएशन से कहा कि वाहनों में ओव्हर लोडिंग नहीं कराये। वाहन चालक नशा करने के बाद वाहन नहीं चलाये। वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगवाये। अपने-अपने दायित्वों को भली-भांति निभायें। सीमेंट फैक्ट्रियों के प्रतिनिधियों से कहा कि जिले में अधिक चलने वाली सडकों को सीमेंटड बनाने में अपना सहयोग करें, जिससे सडक मजबूत एवं दीर्घायू रहेगी। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में सतना जिले में अब तक कुल 1344 सडक दुर्घटनायें हुई है। जिनमें से 383 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है तथा 1440 व्यक्ति घायल हुए है।

बैठक में सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीना, अपर कलेक्टर विकास सिंह, जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल, एसडीएम राहुल सिलाडिया, आरटीओ संजय श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग बीआर सिंह सहित ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, सीमेंट फैक्ट्रियों के प्रतिनिधि, नर्सिग होम चिकित्सालयों के संचालक, रिलायंस कंपनी, स्टार ऑटोमोबाइल्स सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।_______________

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *