Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

हिमाचल में 20–21 दिसंबर को बरसेंगे बादल, शिमला-मनाली में बर्फबारी के आसार

शिमला :मौसम

शिमला, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट लेने जा रहा है और 20 व 21 दिसंबर को राज्य के मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासतौर पर हिल स्टेशनों शिमला, कुफरी और मनाली में इस सीजन की पहली बर्फबारी के आसार बन गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह बदलाव आएगा, हालांकि इससे पहले 19 दिसंबर को प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। गुरुवार को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर और तेज हो गया। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया, जबकि शिमला, मनाली और अन्य हिल स्टेशनों में दिन भर बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं।

मैदानी इलाकों में भी कई स्थानों पर आसमान में बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं। मौसम विभाग ने 20 और 21 दिसंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। हालांकि फिलहाल किसी तरह की चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस संभावित बर्फबारी के चलते शिमला, कुफरी और मनाली में सैलानियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं, क्योंकि इन हिल स्टेशनों पर दिसंबर में आमतौर पर बर्फ गिरती है और लंबे समय से पर्यटक इसका इंतजार कर रहे हैं। हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि क्रिसमस के दौरान बर्फबारी की संभावना कम है, क्योंकि 22 से 24 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर शिमला और मनाली में हर साल की तरह बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।

इस बीच राज्य में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। जनजातीय इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे चला गया है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.7 डिग्री सेल्सियस और ताबो में माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी शिमला में भी रात के तापमान में गिरावट आई है और यह 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले यह 11 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। मनाली में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री, सुंदरनगर में 5.5 डिग्री, भुंतर में 5.2 डिग्री, कल्पा में 4 डिग्री, धर्मशाला में 8.8 डिग्री, ऊना में 7.2 डिग्री, नाहन में 9 डिग्री, पालमपुर में 7.5 डिग्री, सोलन में 6 डिग्री, कांगड़ा में 8.4 डिग्री, मंडी में 6.7 डिग्री, बिलासपुर में 6.9 डिग्री, हमीरपुर में 6.4 डिग्री, कुफरी में 10.1 डिग्री, सियोबाग में 5.5 डिग्री, बरठीं में 4.9 डिग्री और सराहन में 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *