JSW Combat SUV: टोयोटा फॉर्च्यूनर को टक्कर दे सकते हैं इसके ये 5 फीचर्स

उदयपुर, 24 नवंबर: JSW मोटर्स अपनी पहली SUV ‘कॉम्बैट’ (Combat) के साथ भारत में एंट्री करने जा रही है। जैसे-जैसे इसकी लॉन्चिंग का वक्त करीब आ रहा है, इस SUV को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है। JSW कॉम्बैट की सीधी टक्कर टोयोटा फॉर्च्यूनर से मानी जा रही है, जिसका पिछले करीब दो दशकों से भारतीय बाजार पर दबदबा रहा है। फॉर्च्यूनर ने अपनी शानदार रोड प्रेजेंस, भरोसेमंद इंजन, बेहतरीन रीसेल वैल्यू और दमदार परफॉर्मेंस की बदौलत अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है। हालांकि, कॉम्बैट के आने से फॉर्च्यूनर के लिए मुश्किलें जरूर बढ़ सकती हैं।
1. हाइब्रिड पावरट्रेन बनाम फॉर्च्यूनर का डीजल इंजन
फॉर्च्यूनर का डीजल इंजन उसकी सबसे बड़ी ताकत माना जाता है, लेकिन कुछ शहरों में यही इसकी कमजोरी भी बन सकता है। दिल्ली-NCR जैसे इलाकों में, जहां 10 साल से पुरानी डीजल गाड़ियों पर बैन है, वहां खरीदारों को गाड़ी की लाइफ को लेकर चिंता सताती है। वहीं दूसरी तरफ, कॉम्बैट में हाइब्रिड पावरट्रेन मिलने की उम्मीद है, जिससे बेहतर माइलेज और कम रनिंग कॉस्ट मिलेगी। इसके अलावा, डीजल इंजन के मुकाबले इस पर सरकारी नियमों की पाबंदियों का खतरा भी कम रहेगा।
2. ज्यादा मॉडर्न और हाई-टेक केबिन
कई बार अपडेट मिलने के बावजूद फॉर्च्यूनर का केबिन आज के हिसाब से थोड़ा पुराना लगता है। करीब ₹50 लाख खर्च करने वाले ग्राहक बड़ी स्क्रीन, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, ADAS और प्रीमियम इंटीरियर्स जैसे फीचर्स की उम्मीद करते हैं। कॉम्बैट में ये सभी मॉडर्न फीचर्स मिलने की पूरी संभावना है, जिससे इसका केबिन फॉर्च्यूनर के मुकाबले ज्यादा फ्रेश और हाई-टेक नजर आएगा।
3. दमदार रोड प्रेजेंस
फॉर्च्यूनर अपनी शानदार रोड प्रेजेंस के लिए जानी जाती है। हालांकि, कॉम्बैट का बॉक्सी डिजाइन, ऊंची कद-काठी, चौड़ा ट्रैक और रफ-एंड-टफ लुक भी इसे काफी मस्कुलर बनाता है। भारतीय ग्राहकों में बड़ी और दमदार दिखने वाली SUVs का काफी क्रेज रहता है, और कॉम्बैट का यह लुक खरीदारों को काफी पसंद आ सकता है।
4. ग्लोबल मार्केट में पहले से मौजूद मॉडल
कॉम्बैट कोई बिल्कुल नया मॉडल नहीं है। इंटरनेशनल मार्केट में यह ‘जेटूर टी2’ (Jetour T2) नाम से बिक रही है। इसका मतलब यह है कि भारत में आने से पहले ही यह ग्लोबल मार्केट में अपनी पहचान बना चुकी है। खरीदारों को किसी नए या अनपरखे मॉडल की जगह एक परखा हुआ ग्लोबल मॉडल चुनने का विकल्प मिलेगा।
5. कम कीमत होने की उम्मीद
टोयोटा फॉर्च्यूनर के टॉप वेरिएंट की कीमत अब लग्जरी SUV लेवल तक पहुंच चुकी है। ऐसे में JSW कॉम्बैट की कीमत इसकी सफलता में बड़ा रोल निभा सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹35 लाख हो सकती है। अगर कंपनी इस कीमत में हाइब्रिड पावरट्रेन और मॉडर्न फीचर्स देती है, तो यह फॉर्च्यूनर का एक बेहद मजबूत विकल्प साबित हो सकती है।
JSW Combat SUV: टोयोटा फॉर्च्यूनर को टक्कर दे सकते हैं इसके ये 5 फीचर्स



